पशुपालेश्वर महादेव मंदिर में सहस्त्रधारा अभिषेक, श्रद्धालुओं ने की सुख-समृद्धि की कामना

22

अजमेर। सावन माह के पावन अवसर पर पशुपालन विभाग परिसर स्थित पशुपालेश्वर महादेव मंदिर में रविवार को सहस्त्रधारा एवं विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। इस दौरान पशुपालन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भगवान शिव का विधिवत जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि एवं मनोकामना पूर्ति की कामना की।

कार्यक्रम में राजेश रावत, दिलीप चौधरी, महेंद्र चौधरी, रवि कुमार, निर्मल सहित डॉ. आलोक खरे, डॉ. अजय मिश्रा एवं पृथ्वी सिंह जोधा ने रुद्र पूजा में भाग लिया। इसके पश्चात भगवान शिव का दूध, गंगाजल, पंचामृत सहित विभिन्न पवित्र द्रव्यों से अभिषेक किया गया। पूजा के दौरान महामृत्युंजय मंत्र का जाप कर वातावरण को भक्तिमय बनाया गया।

सहस्त्रधारा एवं जलाभिषेक के बाद भगवान शिव का विशेष श्रृंगार किया गया। विधिवत आरती के साथ पूजा-अर्चना का समापन हुआ। श्रद्धालुओं ने भगवान महादेव से सभी के सुख, शांति, स्वास्थ्य एवं समृद्धि की प्रार्थना की। आयोजन के पश्चात श्रद्धालुओं के लिए भोजन प्रसादी की व्यवस्था की गई, जिसमें सभी ने प्रसादी ग्रहण की।