श्री राजराजेश्वरी महालक्ष्मी यज्ञ निर्विघ्न सम्पन्न होने की खुशी में सहस्त्रधारा

0


अजमेर।
पुष्कर घाटी स्थित प्राचीन नौसर माता मंदिर में श्री नवशक्ति सृजन सेवा प्रन्यास के तत्वावधान में आयोजित चार दिवसीय 21 कुंडीय श्री राजराजेश्वरी महालक्ष्मी यज्ञ के धार्मिक विधि-विधान के साथ निर्विघ्न सम्पन्न होने की खुशी में नौसर माता मंदिर परिसर स्थित श्री गौरीश्वर देवालय में सोमवार को सहस्त्रधारा का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

मंदिर प्रबंधक मनोज गुप्ता ने बताया कि नौसर माता मंदिर पीठाधीश्वर श्री रामाकृष्ण देव महाराज के सान्निध्य में पूरे यज्ञ अनुष्ठान को सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया। यज्ञ के समापन अवसर पर सहस्त्रधारा कार्यक्रम विशेष आकर्षण का केंद्र रहा, जिसमें भगवान भोलेनाथ का वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ रुद्राभिषेक किया गया।

इस दौरान पंडित राजेश कुमार शास्त्री, राहुल गौड़ शास्त्री, पुरुषोत्तम शास्त्री, आकाश पांडे और मोनू शर्मा सहित अन्य विद्वानों ने विधिवत पूजा-अर्चना संपन्न कराई। अभिषेक में दूध, दही, घी, शक्कर, केसर, चंदन, गन्ने का रस, बेल का रस, गंगाजल, इत्र और गुलाब जल जैसे पवित्र पदार्थों का उपयोग किया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

रुद्राभिषेक के पश्चात श्री गौरीश्वर भगवान का आकर्षक श्रृंगार किया गया और सुंदर, मनोहारी झांकी सजाई गई। झांकी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। इसके बाद आयोजित महाआरती में भक्तों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और पूरे मंदिर परिसर में हर-हर महादेव व जय अम्बे, नव दुर्गा के जयकारे गूंज उठे।

सहस्त्रधारा के बाद भजन संध्या के दौरान श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर नजर आए और भजनों पर झूमते रहे। सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा के पाठ से वातावरण और अधिक आध्यात्मिक हो गया। कार्यक्रम के अंत में सभी श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित की गई, जिसे ग्रहण कर भक्तों ने स्वयं को धन्य महसूस किया।