संत निरंकारी मिशन ने ‘वननेस वन-प्रकृति’ अभियान के तहत किया पौधारोपण

0

अजमेर। संत निरंकारी मिशन की ओर से पर्यावरण संरक्षण एवं प्रकृति के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से रविवार को ‘वननेस वन-प्रकृति’ अभियान के तहत वरुण सागर उद्यान में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज एवं निरंकारी राजपिता रमित जी के पावन आशीर्वाद से आयोजित कार्यक्रम में संत निरंकारी मंडल अजमेर के सेवादारों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।

कार्यक्रम के दौरान सेवादारों ने 101 पौधे लगाए। साथ ही लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल, पानी देने और संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया। मिशन का उद्देश्य केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि पौधों को वृक्ष बनने तक उनकी निरंतर देखभाल करना भी है।

संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन की ओर से अगस्त 2021 में शुरू की गई इस पहल के छठे चरण के तहत रविवार को देशभर के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में 630 स्थानों पर एक साथ अभियान आयोजित किया गया। इस दौरान लाखों श्रद्धालुओं एवं स्वयंसेवकों ने सहभागिता करते हुए करीब 10 लाख पौधे लगाए।

मिशन के अनुसार प्रत्येक पौधे की आगामी तीन से पांच वर्षों तक नियमित देखभाल की जाएगी, जिससे वे विकसित होकर लघु वनों का रूप ले सकें और जैव विविधता एवं स्थानीय पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूती मिल सके।

संत निरंकारी मंडल अजमेर के इंचार्ज सुशील टांक ने बताया कि देश के विभिन्न राज्यों में अब तक करीब 350 वृक्ष समूह स्थापित किए जा चुके हैं। वहीं 600 से अधिक ‘वननेस वन’ स्थलों पर श्रद्धालु एवं सेवादार पौधों के संरक्षण और संवर्धन में जुटे हुए हैं।