अजमेर। राजगढ़ स्थित मसाणिया भैरव धाम पर रविवार को आयोजित मेले में नशामुक्ति को लेकर जागरूकता रैली निकाली गई। ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत’ संकल्प अभियान के तहत आयोजित रैली में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। खास तौर पर महिलाओं में नशे से दूरी बनाने और स्वस्थ जीवन अपनाने को लेकर उत्साह नजर आया।
रैली को मुख्य उपासक चम्पालाल महाराज, केकड़ी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश मिल और नसीराबाद वृत्ताधिकारी लक्ष्मण भाकर ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली के दौरान श्रद्धालु नशे के खिलाफ नारे लगाते हुए राजगढ़ गांव से गुजरे। ‘घर-परिवार को बचाना है, नशामुक्ति को अपनाना है’ जैसे नारों से वातावरण गूंजता रहा।
चम्पालाल महाराज ने दिलाया नशामुक्ति का संकल्प
धाम पर श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए चम्पालाल महाराज ने कहा कि नशे की लत का असर केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य तक सीमित नहीं रहता, बल्कि इससे परिवार की खुशियां, आर्थिक स्थिति और सामाजिक वातावरण भी प्रभावित होता है। उन्होंने श्रद्धालुओं से स्वयं नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने स्वस्थ और खुशहाल जीवन के लिए नशे को त्यागने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग देने का संकल्प भी दिलाया।
महिलाओं में दिखा खास उत्साह
रैली के दौरान महिलाओं में नशे की बुराई छोड़कर बेहतर जीवन की ओर बढ़ने को लेकर विशेष उत्साह दिखाई दिया। धाम के प्रवक्ता अविनाश सेन के अनुसार, बड़ी संख्या में महिलाओं ने नशे से दूरी बनाने और स्वस्थ, सम्मानजनक एवं खुशहाल जीवन जीने का संकल्प लिया।
उन्होंने कहा कि महिलाओं की यह पहल परिवार और समाज दोनों के लिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि नशे की समस्या से प्रभावित परिवारों में जागरूकता की शुरुआत घर से ही हो सकती है।
एएसपी ने की नशामुक्त समाज की अपील
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश मिल ने कहा कि नशा व्यक्ति के साथ पूरे परिवार के भविष्य को प्रभावित करता है। उन्होंने श्रद्धालुओं से नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने और समाज को नशामुक्त बनाने में सहयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राजगढ़ भैरव धाम पर लोग स्वेच्छा से नशा छोड़ने का संकल्प लेते हैं। इस तरह के प्रयास समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में मददगार हो सकते हैं।
10 अक्टूबर से शुरू होगा नवरात्रा महोत्सव
धाम प्रवक्ता अविनाश सेन ने बताया कि राजगढ़ मसाणिया भैरव धाम पर 10 अक्टूबर से 20 अक्टूबर तक शारदीय नवरात्रा महोत्सव आयोजित किया जाएगा। इसके लिए मंदिर कमेटी ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
रैली और आयोजन की व्यवस्थाओं में ओमप्रकाश सेन, रमेश सेन, ताराचंद सेन, कैलाश सेन, सुनील रांका, सतीश सेन, सत्यनारायण, कमल, सुनील चौहान, दीपक बसीटा और मनीष सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने सहयोग किया।




