सिरोही। रेवदर पंचायत समिति के कनिष्ठ तकनीकी सहायक (संविदाकर्मी) को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) जयपुर की विशेष अनुसंधान इकाई ने परिवादी से 80,000 रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया कि परिवादी पेश शिकायत में बताया था कि उनकी ग्राम पंचायत में 10 कैटल शेड निर्माण कार्यों की तकनीकी स्वीकृति जारी करने की एवज में आरोपी दिनेश कुमार वैष्णव प्रति कैटल शेड 10,000 रुपए की दर से कुल 1,00,000 रुपए की रिश्वत राशि की मांग कर रहा है। शिकायत का सत्यापन 11 फरवरी को किया गया, जिसमें आरोपी द्वारा तकनीकी स्वीकृति जारी करने की एवज में प्रति कैटल शेड 8,000 रुपए की दर से कुल 80,000 रुपए रिश्वत राशि मांगना पाया गया।
उपमहानिरीक्षक अनिल कयाल के सुपरविजन में एसीबी की विशेष अनुसंधान इकाई के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप सारस्वत के नेतृत्व में सत्यापन के बाद ट्रैप की कार्रवाई करते हुए मंगलवार को आरोपी दिनेश कुमार वैष्णव को परिवादी से 80,000 रुपए रिश्वत राशि प्राप्त करते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।
एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव के सुपरविजन एवं महानिरीक्षक सत्येन्द्र कुमार के निर्देशन में आरोपी से पूछताछ तथा अग्रिम कार्रवाई जा रही है। एसीबी द्वारा मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जाएगा।



