गिरावट से उबरे शेयर बाजार, सेंसेक्स 650 अंक चढ़ा

2

मुंबई। घरेलू शेयर बाजारों में सोमवार को शुरुआती गिरावट के बाद तेजी लौट आयी और बीएसई का सेंसेक्स 650.39 अंक (0.79 प्रतिशत) की बढ़त में 83,277.15 अंक पर पहुंच गया।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक 211.65 अंक यानी 0.83 प्रतिशत की तेजी के साथ 25,682.75 अंक पर बंद हुआ।

दूसरे एशियाई बाजारों से मिले नकारात्मक संकेतों से प्रमुख सूचकांक गिरावट के साथ खुले, लेकिन यूरोपीय बाजारों में तेजी रहने से बाद में निवेश धारणा मजबूत हुई। इससे आज सेंसेक्स में 1,057 अंकों का बड़ा उतार-चढ़ाव देखा गया। यह नीचे 82,277 अंक और ऊपर 83,333 अंक तक गया।

मझौली तथा छोटी कंपनियों में भी लिवाली को जोर रहा। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.38 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.48 प्रतिशत की बढ़त में रहा।

बैंकिंग, रियलटी, एफएमसीजी, स्वास्थ्य, फार्मा, धातु, तेल एवं गैस और टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद समूहों में तेजी रही। ऑटो और मीडिया समूहों के सूचकांक लाल निशान में बंद हुए।

एनएसई में कुल 3,264 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ। इनमें 1,826 के शेयर गिरावट में और 1,341 के बढ़त में रहे। अन्य 97 कंपनियों के शेयर अंततः अपरिवर्तित रहे।

सेंसेक्स की कंपनियों में पावर ग्रिड का शेयर 4.45 प्रतिशत चढ़ा। एचडीएफसी बैंक में 2.19 प्रतिशत, एक्सिस बैंक में 1.83, एनटीपीसी में 1.69, अडानी पोर्ट्स में 1.45, आईटीसी में 1.39, एशियन पेंट्स में 1.38, बजाज फिनसर्व में 1.35, टाटा स्टील में 1.25, भारती एयरटेल में 1.24, रिलायंस इंडस्ट्रीज में 1.16 और कोटक महिंद्रा बैंक में 1.08 प्रतिशत की गिरावट रही। भारतीय स्टेट बैंक, एलएंडटी, बीईएल, टीसीएस, हिंदुस्तान यूनीलिवर, एचसीएल टेक्नोलॉजीज और हिंदुस्तान यूनीलिवर के शेयर भी हरे निशान में रहे। टेक महिंद्रा का शेयर 1.44 प्रतिशत, मारुति सुजुकी का 1.17 प्रतिशत और बजाज फाइनेंस का 1.10 प्रतिशत टूट गया। ट्रेंट में भी गिरावट रही।

वैश्विक स्तर पर एशिया में हांगकैंग का हैंगसेंग 0.52 प्रतिशत की बढ़त में रहा। चीन का शंघाई कंपोजिट 1.26 फीसदी और जापान का निक्केई 0.24 प्रतिशत फिसल गया। यूरोप में शुरुआती कारोबार में जर्मनी का डैक्स 0.07 प्रतिशत और ब्रिटेन का एफटीएसई 0.24 प्रतिशत ऊपर था।