भरतपुर के अंबेडकर छात्रावास में नाबालिग छात्र का शव पंखे से लटका मिला

0

भरतपुर। राजस्थान में भरतपुर के मथुरा गेट थाना क्षेत्र में हाउसिंग बोर्ड के राजकीय अंबेडकर छात्रावास में सोमवार को सुबह पुलिस ने एक नाबालिग छात्र शव बरामद किया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि भरतपुर के रुदावल थाना क्षेत्र निवासी 16 वर्षीय छात्र 12वीं साइंस बायोलॉजी का छात्र था और पिछले दो वर्षों से छात्रावास में रहकर एक निजी विद्यालय में अध्यनरत था। वह 13 फरवरी से शुरू होने वाली राजस्थान बोर्ड की 12वीं कक्षा की परीक्षा की तैयारी कर रहा था। करीब एक सप्ताह अपने गांव में रहने के बाद वह छात्रावास आया था।

पुलिस ने बताया कि उसने रविवार को रात को सभी छात्रों के साथ भोजन किया और 10 बजे तक पढ़ाई करता देखा गया। इसके बाद वह सोने चला गया। सोमवार सुबह जब चौकीदार छात्र को जगाने पहुंचा तो कमरे का दरवाजा नहीं खुला। इसके बाद रसोइया और एक अन्य छात्र नाश्ता देने पहुंचे तो कई बार आवाज देने और दरवाजा खटखटाने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर दरवाजा तोड़ा गया। अंदर कमरे में छात्र का शव बेडशीट के फंदे से पंखे से लटका मिला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाकर परिजनों को सूचना दी है। मामले की जांच जारी है।