चेन्नई। अभिनेता विजय के नेतृत्व वाली तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) की सरकार के गुरुवार को शपथ लेने की संभावना है।
इस बीच बहुमत के लिए जरूरी आंकड़ा जुटाने के उद्देश्य से टीवीके की कोर टीम ने द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) गठबंधन के संभावित सहयोगियों, विशेष रूप से कांग्रेस, विदुथलाई चिरुथैगल काची (वीसीके) और वामपंथी दलों के साथ बातचीत शुरू कर दी है।
उल्लेखनीय है कि विजय की 2018 की एक ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘सरकार’ थी, जिसमें वे व्यवस्था को चुनौती देते हैं और चुनाव में बड़ी जीत हासिल करते हैं।टीवीके सूत्रों के अनुसार शपथ ग्रहण समारोह राजभवन में होगा और पार्टी 108 सीटों के साथ सबसे बड़े दल के रूप में अपना दावा पेश करने के लिए राज्यपाल से समय मिलने का इंतजार कर रही है।
इससे पहले दिन में, टीवीके विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद विजय ने राज्यपाल वीआर अर्लेकर को एक मेल भेजकर सदन में बहुमत साबित करने के लिए दो सप्ताह का समय मांगा है।
विधानसभा चुनाव के नतीजों में किसी को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है और टीवीके को 234 सदस्यीय सदन में बहुमत के लिए कम से कम 10 और विधायकों के समर्थन की आवश्यकता है।
टीवीके नेताओं को कांग्रेस और अन्य द्रमुक सहयोगियों से आवश्यक समर्थन मिलने का भरोसा है। जहां कांग्रेस विजय को समर्थन देने में गहरी रुचि दिखा रही है, वहीं वीसीके का झुकाव भी टीवीके के साथ जाने की ओर दिख रहा है।
कांग्रेस और वीसीके जैसे दलों की प्राथमिकता टीवीके को भाजपा के पाले में जाने से रोकना है। तमिलनाडु कांग्रेस प्रभारी गिरीश चोडनकर ने कहा कि उन्होंने चुनाव के बाद की स्थिति पर पार्टी आलाकमान को विस्तृत रिपोर्ट सौंप दी है।
एक विश्लेषक के अनुसार यदि धर्मनिरपेक्ष दल विजय को समर्थन नहीं देते हैं, तो इससे टीवीके को भाजपा की शरण में जाने का मौका मिल सकता है। वीसीके के संस्थापक-अध्यक्ष और लोकसभा सांसद थोल थिरुमावलवन ने संवाददाताओं से कहा कि जनता ने गठबंधन सरकार का समर्थन किया है। किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत न देकर तमिलनाडु के लोगों ने यही संदेश दिया है। हम वामपंथी दलों के साथ चर्चा करेंगे और टीवीके को समर्थन देने के मुद्दे पर फैसला लेंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि चुनाव परिणाम राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) द्वारा प्रतिनिधित्व की जाने वाली सांप्रदायिक और जातिवादी ताकतों के खिलाफ है।
इस बीच, अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) के पूर्व मंत्री और टीवीके नेता केए सेंगोट्टइयन एवं उनके सहयोगी आधाव अर्जुना विश्वास मत से पहले समर्थन जुटाने के लिए अन्नाद्रमुक के निर्वाचित विधायकों के साथ भी बातचीत कर रहे हैं।



