मुंबई में नाबालिग से छेड़खानी करने के आरोप में ट्यूशन टीचर अरेस्ट

मुंबई। मुंबई पुलिस ने 16 वर्षीय किशोरी से छेड़छाड़ करने के आरोप में ट्यूशन पढ़ाने वाले एक शिक्षक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सोमवार को यहां यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक सायन की रहने वाली पीड़िता वडाला के एंटॉप हिल इलाके में प्राइवेट क्लास के लिए आरोपी के पास जाती थी। प्राप्त जानकारी के मुताबिक एक नवंबर से आरोपी ने उसके करीब आने की कोशिश की और बाद में उसे गलत तरीके से छूने लगा। इसके बाद पीड़िता ने ट्यूशन पढ़ने आना बंद कर दिया और घर पर ही रहने लगी।

पुलिस ने बताया कि उसने ट्यूशन न जाने के लिए अपने माता-पिता को ‘स्वास्थ्य कारणों’ का हवाला दिया और तब तक टालती रही, जब तक उसने अपने माता-पिता के सामने खुलकर बात नहीं कर दी।

बाद में पीड़िता अपने परिजनों के साथ एंटॉप हिल थाने जाकर इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने शिक्षक को छेड़छाड़ और यौन उत्पीड़न के आरोप में गिरफ्तार किया था। आरोपी शिक्षक के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) और पॉस्को की धारा के तहत मामला दर्ज किया गया।