भरतपुर। राजस्थान में भरतपुर सम्भाग के पांचों जिलों में हो रही मूसलाधार बारिश के दौरान शुक्रवार को डीग जिले के कामां थाना क्षेत्र में घिलावटी गांव में दो मंजिला मकान ढह गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बारिश से हरिराम गुर्जर का मकान अचानक ढह गया। इससे घरेलू सामान मलबे में दबकर बर्बाद हो गया। गनीमत रही कि हादसे के समय मकान के अंदर कोई मौजूद नहीं था, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
मकान के अचानक धराशायी होते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मलबे में किसी के दबे होने की आशंका को लेकर स्थिति का जायजा लिया। हादसे की सूचना प्रशासन को दे दी गई है।
बारिश के पानी से भरे गड्ढे में डूबने से बालक की मौत
डीग जिले के पहाड़ी तहसील के कैथवाड़ा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को बारिश के पानी से भरे एक गड्ढे में डूबने से 12 वर्षीय एक बालक की मौत हाे गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक बालक की पहचान सूफ़ियान के रूप में हुई है। वह दोंदड़ी बास में बारिश के पानी में नहाने के लिए गया था, लेकिन नहाते समय वह करीब छह फुट गहरे गड्ढे में डूब गया। बारिश के बाद गांव के आसपास के गड्ढों में पानी का स्तर बढ़ जाने से यह हादसा हुआ। ग्रामीणों ने शव गड्ढे से निकालकर पुलिस एवं प्रशासन को सूचित किया है।
नहर में युवक का शव बरामद
भरतपुर के केतन क्षेत्र में शुक्रवार को सुजानगंगा नहर में एक युवक का शव बरामद हुआ। पुलिस सूत्रों ने बताया कि शव आरबीएम अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। मृतक की पहचान पवन जोगी (38) के रूप में हुई है। मृतक की पत्नी कल्पना ने बताया कि पारिवारिक कलह के बाद पवन घर से लापता था।



