अजमेर। जल संसाधन मंत्री एवं पुष्कर विधायक सुरेश सिंह रावत पुष्कर विधानसभा के खोड़ा गणेश, नरवर व सराधना मंडल की पार्टी जिला कार्यालय भूणाबाय में आयोजित संयुक्त संगठनात्मक बैठक में सहभागी बने।
बैठक में संगठन को अधिक सशक्त बनाने, बूथ स्तर तक पार्टी की जड़ें मजबूत करने तथा कार्यकर्ताओं की सक्रिय और अनुशासित भूमिका पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। आगामी संगठनात्मक एवं जनसंपर्क कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करते हुए सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर भी गहन चर्चा हुई।
मंत्री रावत ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा की शक्ति उसका मजबूत संगठन और समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सरकार की जनहितकारी नीतियों व योजनाओं की जानकारी हर घर तक पहुंचाएं और जनता से निरंतर संवाद बनाए रखें। उन्होंने बूथ स्तर पर संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक सक्रिय करने, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने तथा युवाओं और महिलाओं की सहभागिता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष महेंद्र कुमावत, भाजपा देहात जिलाध्यक्ष जीतमल प्रजापत, मंडल अध्यक्ष सुरजीत रावत, बद्री गुर्जर, राजेश शर्मा, विधानसभा समन्वयक नरेंद्र सिंह चुंडावत सहित अनेक पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने संगठन को मजबूती देने के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
मंत्री रावत ने अंत में कहा कि संगठित प्रयासों और कार्यकर्ताओं की निष्ठा से ही भाजपा निरंतर जनविश्वास अर्जित कर रही है और आने वाले समय में संगठन की यह मजबूती और भी निर्णायक भूमिका निभाएगी।



