विश्व पर्यावरण दिवस पर ग्रामीणों को पर्यावरण की रक्षा के लिए किया जागरूक

नसीराबाद। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अजमेर सचिव रामपाल जाट (अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश अजमेर) के निर्देशानुसार तालुका नसीराबाद के पीएलवी भरत प्रजापत ने सोमवार को ग्राम पंचायत देराठू में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया।

ग्राम वासियों को पर्यावरण की रक्षा के लिए प्रोत्साहित करने के लिए बताया कि दुनियाभर में हर साल 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस मनाया जाता है। इस दिन लोगों को कई कार्यक्रमों के जरिए प्रकृति को संरक्षित रखने और इससे खिलवाड़ न करने के लिए जागरूक किया जाता है। इन कार्यक्रमों के जरिए लोगों को पौधे लगाने, पेड़ों को संरक्षित करने, हरे पेड़ न काटने, नदियों को साफ रखने और प्रकृति से खिलवाड़ न करने जैसी चीजों के लिए जागरूक किया जाता है।

पर्यावरण का अर्थ हमारे आस-पास के वातावरण से हैं। पर्यावरण पेड़-पौधों, वायु हमारे आस-पास की सभी चीजों से मिलकर बनता है। पर्यावरण हमारे दैनिक जीवन से सीधा संबंध रखता हैं। मानव और पर्यावरण एक दूसरे से संबंधित तथा एक दूसरे पर निर्भर होते हैं। पर्यावरण प्रदूषण- जैसे पेड़ों का कम होना, वायु प्रदूषण आदि मनुष्य के स्वास्थ्य पर सीधा प्रभाव डालता हैं। मानव की अच्छी बुरी आदतों का प्रभाव सीधा पर्यावरण पर पड़ता हैं।

विश्व पर्यावरण दिवस मनाने का मुख्य उद्देश्य मानव जाति को पर्यावरण के प्रति सचेत करना है। उसका उद्देश्य पूरी प्रकृति व पर्यावरण की सुरक्षा करना हैं। इस अवसर पर एडवोकेट रवी चौधरी, रामधन जाट, संजय सोनी, राजकुमार जैन, नवल किशोर शर्मा, मंगल वैष्णव, राजेश वैष्णव, ओम प्रकाश शर्मा, बलराम चौधरी, पूर्व सरपंच पति दिनेश चौधरी, हुकम चंद सेठी, खजान सिंह राणावत, गोपाल जाट आदि मौजूद रहे।

विश्व पर्यावरण दिवस पर भारत विकास परिषद ने रोपे 51 पौधे

भारत विकास परिषद नसीराबाद शाखा ने विश्व पर्यावरण दिवस पर नगरपालिका क्षेत्र में 51 पौधे रोपे और उनके संरक्षण की जिम्मेदारी ली। स्थानीय शाखा के पर्यावरण प्रकल्प प्रभारी मधुसूदन बंसल ने बताया कि भारत विकास परिषद राजस्थान मध्य प्रांत द्वारा दिए गए निर्देश के अनुसार भारत विकास परिषद नसीराबाद शाखा द्वारा नगर पालिका क्षेत्र में मंदिर के निकट उद्यान सहित आसपास के स्थानों पर 51 पौधे लगाए गए।

पौधरोपण कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पालिका चेयरमैन अनीता मित्तल द्वारा करवाया गया उसके बाद शाखा सदस्यों ने भिन्न-भिन्न स्थानों पर पौधारोपण किया। कार्यक्रम के दौरान सबसे अधिक 11 पौधे परिषद के कोषाध्यक्ष प्रदीप मित्तल एवं उनकी पत्नी अनीता मित्तल द्वारा लगाए गए जिससे उन्हें परिषद के अनुसार पर्यावरण दंपती की उपाधि दी गई। इसी प्रकार अन्य सदस्यों द्वारा पांच-पांच पौधे लगाए गए तथा के सभी सदस्य पर्यावरण मित्र बने।

भारत विकास परिषद नसीराबाद शाखा द्वारा लगाए गए पेड़ पौधों में नीम, जामुन, बड़ पीपल, पीपल, पारस पीपल, गूलर, जंगल जलेबी, गुलमोहर, गिलोय, अशोका सहित कई अन्य प्रजातियों के पेड़ पौधों का रोपण किया गया। पौधारोपण कार्यक्रम के दौरान भारत विकास परिषद नसीराबाद शाखा अध्यक्ष रवि सोनी, सचिव चंद्रप्रकाश बंसल, कोषाध्यक्ष प्रदीप मित्तल सहित संजय कंसल, अमित चौकड़ीवाल, गगन मेहरा, प्रशांत खंडेलवाल, मधुसूदन बंसल तथा 2 बालक आयुष मंगल और ध्रुव सोनी उपस्थित थे।