श्रीगंगानगर। राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के अनूपगढ़ थाना क्षेत्र में एक पशु से मोटरसाइकिल के टकराने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल हो गया।
पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि मृतक की पहचान लवप्रीत सिंह मजहबी (22) के रूप में हुई है। लवप्रीतसिंह बुधवार रात मोटरसाइकिल से अपने भाई के साले के साथ जा रहा था। अनूपगढ़-घड़साना भारतमाला राष्ट्रीय राजमार्ग पर पतरोडा गांव के नजदीक अचानक सामने आये किसी पशु से मोटरसाइकिल टकरा गई।
इससे लवप्रीत और दूसरा युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गए। दोनों को लोगों ने नई मंडी घड़साना के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां लवप्रीतसिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार वालों के सुपुर्द कर दिया गया।
भूलवश कीटनाशक दवा पीने से युवती की मौत
श्रीगंगानगर जिले के अनूपगढ़ थाना क्षेत्र में एक युवती की भूलवश कीटनाशक दवा का सेवन करने से मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि सुमन नायक (32) गुरुवार को देर शाम बेहोशी की हालत में अनूपगढ़ के सरकारी अस्पताल लाया गया था। देर रात उसकी मौत हो गई।
सुमन के पिता देवाराम द्वारा आज दी गई रिपोर्ट के आधार पर मर्ग दर्ज किया गया। परिजनों ने पुलिस को बताया कि मानसिक परेशानी के कारण सुमन ने गलती से कीटनाशक दवा का सेवन कर लिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार वालों के सुपुर्द कर दिया।



