तेहरान पर हमलों की दसवीं लहर शुरू : इजराइली सेना

2

तेल अवीव/तेहरान। इज़राइल रक्षा बल (आईडीएफ) ने बुधवार सुबह कहा कि उसने तेहरान में ईरानी शासन से जुड़े ठिकानों पर व्यापक हवाई हमले शुरू कर दिए हैं। आईडीएफ के अनुसार शनिवार से मौजूदा संघर्ष शुरू होने के बाद से यह दसवीं बार बड़े पैमाने के हमले की लहर है।

सेना ने बताया कि रात भर किए गए हमलों में ईरान की आंतरिक सुरक्षा बलों और बसीज मिलिशिया द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले कमान केन्द्रों को निशाना बनाया गया। सीएनएन के अनुसार तेहरान के उत्तरी हिस्से के एक निवासी ने बताया कि रात के दौरान कई जोरदार धमाके सुनाई दिए। उन्होंने कहा कि हमले काफी तीव्र थे और रात बेहद खराब रही।

निवासी ने कहा कि उन्हें यह स्पष्ट नहीं है कि हमले शहर के किस हिस्से में हुए, लेकिन ऐसा लगा कि आसपास लगातार विस्फोट हो रहे थे। उन्होंने बताया कि लोग शहर छोड़कर पहाड़ों की ओर जाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन यह पता लगाना मुश्किल है कि कौन सा इलाका सुरक्षित है क्योंकि सैन्य ठिकानों का स्थान स्पष्ट नहीं है।

ईरान के सरकारी मीडिया ने भी बुधवार सुबह देश के कई हिस्सों में विस्फोटों की खबर दी है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार इस्फहान शहर के पास आसमान में काले धुएं का बड़ा गुबार उठता देखा गया।

अगला ईरानी सर्वोच्च नेता भी होगा हमारा निशाना

इजराइल के रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज़ ने बुधवार को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि ईरान में नियुक्त ऐसा कोई भी नया नेता, जो उनके देश को नष्ट करने की योजनाओं को आगे बढ़ाएगा, उसे सीधा निशाना बनाया जाएगा।

काट्ज़ ने सोशल मीडिया पर कहा कि इजरायल को नुकसान पहुंचाने, दुनिया को धमकाने और ईरानी लोगों का दमन करने की योजना को जारी रखने के लिए नियुक्त किया गया कोई भी व्यक्ति उनके उन्मूलन का लक्ष्य होगा। उन्होंने कहा कि इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि उसका नाम क्या है या वह कहां छिपा है।

काट्ज़ ने कहा कि हम अपने अमरीकी सहयोगियों के साथ मिलकर शासन की क्षमताओं को कुचलने के लिए पूरी ताकत से काम करना जारी रखेंगे। हम ऐसी परिस्थितियां पैदा करेंगे जिससे ईरानी लोग इस शासन को उखाड़ फेंकें और इसे बदल सकें।

इ्जराइल के रक्षा मंत्री का यह बयान ऐसे समय में आया है जब क्षेत्र में इजराइल और ईरान दोनों देशों के बीच सैन्य टकराव और तनाव अपने चरम पर है। काट्ज़ का यह बयान तब आया जब कुछ मीडिया खबरों में दावा किया गया कि असेंबली ऑफ एक्सपर्ट्स ने दिवंगत अली खामेनेई के पुत्र मुजतबा खामेनेई को इस्लामिक गणराज्य का नया सर्वोच्च नेता चुन लिया है।