आजादी का अमृत महोत्सव करोड़ों भारतवासियों को करता है गौरवान्वित : जोशी

जयपुर। राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय में 77वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास से मनाया गया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने ध्वजारोहण कर प्रदेशवासियों को आजादी के अमृत महोत्सव की शुभकामनाएं दी।

उन्होंने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि पूरा देश आज हर्षाेल्लास के साथ स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। देश को गुलामी की बेड़ियों से आजाद कराने के लिए मां भारती के वीर क्रांतिकारियों ने अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया। महात्मा गांधी, सरदार पटेल, चंद्रशेखर आजाद, भगत सिंह, राजगुरु, मंगल पांडे और लाला लाजपत राय जैसे अनेकों क्रांतिकारियों ने मां भारती की रक्षा के लिए और भारत की आजादी के लिए स्वयं को बलिदान कर दिया।

आजादी की लड़ाई में शहीद हुए अनगिनत क्रांतिकारियों और आजादी के बाद देश की सीमाओं पर शहीद हुए वीर सपूतों को आज श्रद्धा सुमन अर्पित कर नमन करने का दिन हैै। हम उन वीर शहीदों की आहुति को भी नमन करते हैं जिनकी गाथाएं इतिहास के पन्नों में दर्ज नहीं है।

जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आजादी के अमृत महोत्सव में हर घर तिरंगा के लिए देश की जनता से आह्वान किया था, आजादी के बाद पहली बार यह दृश्य दिखा कि प्रदेश के हर नागरिक ने आन, बान और शान से राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे को घर-घर फहराने का कार्य किया वहीं पहली बार देश की जनता ने देखा कि जो पहले राजपथ हुआ करता था वह आज कर्तव्य पथ और मुगल गार्डन अब अमृत उद्यान कहला रहा है। कभी नौसेना के जहाज पर जब अंग्रेजों की पताका फहराती थी वहां आज शिवाजी महाराज की भगवा पताका लहरा रही है और सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा भी देश को गौरवान्वित कर रही है।

उन्होंने कहा कि भारत के तिरंगे की ताकत आज पूरी दुनिया देख रही है रूस-यूक्रेन युद्ध के समय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर तिरंगा झण्डा लगी हुई बसें, 20 हजार विद्यार्थियों को सुरक्षित भारत लेकर आई यह भारत के तिरंगे की महत्ता है। प्रधानमंत्री ने पंच प्रण दिए विकसित भारत, एकता और अखंडता, मौलिक अधिकार और कर्तव्यों की विरासत पर गर्व करने के इन पंच प्रणों के साथ देश को आज गर्व होता है।

भारत की बढ़ती हुई ताकत एवं अर्थव्यवस्था आज दुनिया की टॉप पांच में शुमार है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था सशक्त भारत, दिव्य भारत, स्वस्थ, समृद्ध भारत सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सब का प्रयास इस कल्पना के साथ जब देश आजादी का 100वां वर्ष मनाएगा, तब हिंदुस्तान दुनिया का सिरमौर राष्ट्र होगा और देश की 140 करोड़ जनता का आशीर्वाद इसमें समाहित है।

इस मौके पर नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने कहा कि यह गर्व की बात है कि आजादी के अमृत महोत्सव के इन वर्षों में देश ने तरक्की के सोपान तय किए और विशेष रूप से पिछले नौ वर्षों में भारत तेज गति से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था को शिरोधार्य किए हुए हैं। वही देश की बढ़ती हुई जीडीपी व आधारभूत संरचना में क्रांतिकारी परिवर्तन और मानव संसाधन सदुपयोग के कारण अब वह समय ज्यादा दूर नहीं जब हिंदुस्तान पूरी दुनिया का नेतृत्व करेगा।

इस अवसर परउपनेता प्रतिपक्ष डॉ. सतीश पूनिया, प्रदेश महामंत्री भजनलाल शर्मा, जिला अध्यक्ष राघव शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष नारायण पंचारिया, सरदार अजयपाल सिंह, मुकेश दाधीच, सांसद घनश्याम तिवाड़ी एवं रामचरण बोहरा, विधायक अशोक लाहोटी, जिला प्रमुख रमा चोपड़ा, महापौर सौम्या गुर्जर, उपमहापौर पुनीत कर्णावट सहित अन्य कई नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।