नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने सोमवार को आरोप लगाया कि संविधान की दुहाई देने वाले इंडिया गठबंधन के नेता देश की संवैधानिक संस्थाओं को नष्ट कर देश में अराजकता फैलाना चाहते हैं।
प्रधान ने यहां भाजपा मुख्यालय में एक प्रेस वार्ता में आरोप लगाया कि विपक्ष के नेता मतदाता सूची को लेकर शोरशराबा करके इसमें घुसपैठियों को शामिल करवाकर उन्हें अपना वोट बैंक बनाना चाहते हैं। ये लोग सिर्फ वोट बैंक की राजनीति कर रहे हैं।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि राहुल गांधी और उनका दल, इंडिया गठबंधन के लोग, विशेषकर कांग्रेस पार्टी के नेता राहुल गांधी, जो आए दिन संविधान की दुहाई देते हैं। इन दिनों देश देख रहा है कि सबसे ज्यादा संविधान विरोधी काम अगर कोई कर रहा है, तो उसके सरगना भी राहुल गांधी ही हैं।
प्रधान ने कहा कि कांग्रेस पहले इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) को लेकर झूठ बोलती है, कभी महाराष्ट्र की बात उठाते हैं, कभी हरियाणा की बात उठाते हैं, वे हर रोज झूठ का एक नया पहाड़ बनाते हैं।
उन्होंने कहा कि 2014, 2019 और 2024 में और उनके बीच अनेक राज्यों में निरंतर पराजय के कारण कांग्रेस दिवालियेपन की स्थिति में पहुंच चुकी है। पिछले दो-तीन दिनों में जो वाद-विवाद हुआ, उस पर भारतीय मीडिया ने फैक्ट चेक करके गांधी के हर एक झूठ का प्रमाण के आधार पर बेनकाब किया है।
कांग्रेस और विपक्ष के पास केवल वोट बैंक की राजनीति ही बची है। घुसपैठियों को मतदाता बनाकर वे अपनी राजनीतिक रोटी सेंकना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग ने एक संवैधानिक और निष्पक्ष व्यवस्था होने के नाते जब इनको सही बात बताई, तो ये चुनाव आयोग को भी ध्वस्त करने के लिए कहते हैं। ये कहते हैं कि हम एटम बम गिराएंगे, चुनाव आयोग बिखर जाएगा।