अजमेर। जिले की प्रभारी सचिव गायत्री राठौड़ ने अपने अजमेर दौरे के दौरान शनिवार को जल प्रवाह क्षेत्रों का निरीक्षण किया। कलेक्टर लोक बंधु एवं नगर निगम के आयुक्त देशल दान ने प्रशासन के द्वारा की गई व्यवस्थाओं से अवगत कराया।
राठौड़ ने बांडी नदी के प्रवाह को देखा। प्रशासन द्वारा जल की सुरक्षित निकासी के संबंध में किए गए कार्यों के बारे में चर्चा की साथ ही आना सागर के जलस्तर को सुरक्षित स्तर पर रखने के संबंध में निर्देश प्रदान किए।
बरसती बारिश के मध्य अजमेर शहर के विभिन्न स्थानों का अवलोकन करते हुए अधिकारियों के साथ श्रीनगर रोड स्थित एस्केप चैनल का जायजा लिया। यहां से निकलने वाले जल के कारण आम जन को समस्या नहीं होनी चाहिए। वर्षा जल की सुरक्षित निकासी सुनिश्चित की जाए।
इस अवसर पर उपखंड अधिकारी गरिमा नरूला, अतिरिक्त कलक्टर गजेंद्र सिंह राठौड़, संयुक्त निदेशक डॉ. एसएस जोधा, मुख्य चिकित्सा स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ज्योत्स्ना रंगा सहित अधिकारी साथ रहे।
प्रभारी सचिव ने नसीराबाद क्षेत्र में किया फसल खराबे का निरीक्षण
जिले की प्रभारी सचिव गायत्री राठौड़ ने शनिवार को नसीराबाद क्षेत्र में फसल खराबे का अवलोकन कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश प्रदान किए। प्रभारी सचिव राठौड़ कलक्टर लोक बंधु के साथ नसीराबाद क्षेत्र में स्थित खेतों पर पहुंची।
अतिवृष्टि के कारण हुई फसल खराबे के बारे में उपखंड अधिकारी देवी लाल यादव ने जानकारी प्रदान की। विभिन्न स्थानों पर फसल खराबे का अवलोकन करने के उपरांत काश्तकारों को राहत पहुंचाने के संबंध में अधिकारियों को निर्देश प्रदान किए।
इसी प्रकार प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के माध्यम से भी काश्तकारों को राहत मिलना सुनिश्चित करने के संबंध में कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक संजय तनेजा के साथ विस्तार से चर्चा की। स्थानीय काश्तकारों ने अतिवृष्टि के कारण हुए नुकसान के बारे में बताया।
अतिरिक्त कलक्टर वंदना खोरवाल ने बताया कि प्रभारी सचिव ने काश्तकारों एवं अधिकारियों के साथ चर्चा के उपरांत आवश्यक निर्देश प्रदान किए। फसलों की गिरदावरी तथा फसल कटाई परीक्षण समय पर करने के लिए कहा। कृषि बीमा कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ चर्चा की।