खरगोन। मध्यप्रदेश के खरगोन जिला मुख्यालय स्थित एक होटल में अशोकनगर कोतवाली में पदस्थ उप निरीक्षक ने शनिवार को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। खरगोन कोतवाली प्रभारी बीएल मंडलोई ने बताया कि 30 वर्षीय अक्षय सिंह कुशवाहा का शव होटल गोपाल के कमरे नंबर 202 में फांसी पर लटका पाया गया।
उन्होंने बताया कि अक्षय सिंह मूलतः गुना जिले के निवासी थे और फिलहाल अशोकनगर कोतवाली में उप निरीक्षक के रूप में पदस्थ थे। वे शुक्रवार रात करीब एक बजे होटल पहुंचे थे। आज दोपहर लगभग 12.30 बजे जब होटल कर्मचारियों ने चेकआउट के लिए कमरे का दरवाजा खटखटाया, तो अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
इस पर होटल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने पर जब कमरा खोला गया, तो अक्षय सिंह का शव पंखे से झूलता मिला। उन्होंने चादर से फंदा बनाया था। बीएल मंडलोई ने बताया कि अक्षय सिंह के भाई इंदौर में वन विभाग में रेंजर हैं। परिजनों के पहुंचने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि अक्षय सिंह अविवाहित थे।