आबूरोड : BJP-BJP और कांग्रेस-कांग्रेस से ज्यादा अंडरस्टेंडिंग भाजपा-कांग्रेस में

आबूरोड स्टेशन गेट पर भाजपा के होर्डिंग, बल्ली और फ्रेम पर लगाए कांग्रेस का होर्डिंग

सबगुरु न्यूज-आबूरोड। जिले के राजनीतिक हल्कों में ये चर्चा आम रहती है कि आबूरोड और माउंट आबू में संगठन और जनहित की बजाय प्रतिद्वंद्वी पार्टी के प्रति समर्पित कांग्रेसी और समर्पित भाजपाई की संख्या भी अच्छी खासी है। ये आरोप आम तौर पर लगते रहते हैं कि विशेष कर संगठन और सत्ता में प्रमुख पद पर आसीन भाजपा और कांग्रेस के कई नेताओं में अपनी पार्टी की नीति- रीति और जनता के प्रति समर्पण से ज्यादा प्रतिद्वंद्वी पार्टी के प्रति समर्पण ज्यादा देखने को मिलता है। संगठन और जनता के लिए समर्पित नेताओं को दोनों ही संगठन में हाशिए पर रख दिया जाता है।

आबूरोड में तो कांग्रेस नेताओं की ऐसी एक पूरी जमात को ‘कमल कांग्रेस’ और भाजपा नेताओं की एक जमात को ‘हाथ में खिले कमल’ की संज्ञा दी जाती है। भाजपा के व्हाट्स एप समूह में भाजपा पदाधिकारियों के कांग्रेस के नेताओं के प्रति समर्पण की ऐसी ही चर्चा फिर से आम हो चली है। यानि एक पार्टी में रहकर दूसरी पार्टी के हित में काम करने की प्रवृत्ति का आरोप इन्हीं की पार्टी के लोग फिर से लगा रहे हैं। ‘ फटा पोस्टर निकला हीरो’ के टाइटल के साथ रेलवे स्टेशन पर लगे एक होर्डिंग के संबंध में भाजपा के नेता संगठन के नेताओं पर चुटकियां ले रहे हैं। ये चर्चा फिर से गर्म हुई है एक होर्डिंग को लेकर। ये होर्डिंग दीवाली के पहले भी विवादित हुआ और उसके बाद भी।

आबूरोड में कांग्रेस का बैनर निकाला के बाद पीछे से निकला भाजपा का बैनर जिसमें जिला प्रमुख की फोटो गायब है।

बल्ली, फ्रेम और होर्डिंग पर लगा कांग्रेस का बैनर

भाजपा के व्हाट्स एप समूह में रेलवे स्टेशन के गेट के बाहर लगे होर्डिंग की चर्चा दीवाली के बाद भी चलती रही। यहां पर बल्ली और फ्रेम पर भाजपा नगर मंडल ने दीवाली की शुभकामनाएं देने का एक होर्डिंग लगाया था। दीवाली बाद यहां पर राज्यसभा सांसद और रेवदर विधानसभा से कांग्रेस पूर्व प्रत्याशी नीरज डांगी के आगमन का कार्यक्रम था। इसे लेकर होर्डिंग लगाना था। तो कांग्रेस के नीरज डांगी गुट ने रेलवे स्टेशन पर जिस बल्ली और फ्रेम पर भाजपा नगर मंडल का शुभकामना संदेश का बैनर लगा था उसी पर अपना बैनर लगा दिया।

भाजपा का बैनर इसके पीछे रह गया। भाजपा जिलाध्यक्ष, नगर पालिका अध्यक्ष और नगर अध्यक्ष के फोटो वाले बैनर पर कांग्रेस के नीरज डांगी गुट द्वारा अपना बैनर लगाने का न तो पालिकाध्यक्ष ने कोई प्रतिक्रिया की न ही मंडल अध्यक्ष व कार्यकारिणी ने। नीरज डांगी अपने दो दिवसीय आबूरोड प्रवास को पूरा करके लौट गए तो गुरुवार को दोपहर को भाजपा नगर मंडल पदाधिकारी ने अपने बैनर पर लगे कांग्रेस के बैनर को हटाया। इसके पीछे दबा भाजपा का बैनर फिर से सामने आया। अब भाजपा में ये चर्चा है कि भाजपा के बडे नेता कांग्रेस के साथ मैच फिक्सिंग करके कार्यकर्ताओं को कांग्रेस को प्रतिद्वंद्वी मानने की बात किस मुंह से कर सकते हैं।

आबूरोड रेलवे स्टेशन दिवाली से पहले भाजपा द्वारा लगाया गया वो बैनर जिसमें सांसद मंत्री फोटो गायब था

गायब किए जिला प्रमुख और महामंत्री

भाजपा के जिस होर्डिंग को लेकर शुक्रवार को व्हाट्स एप समूह में बैचेनी थी उसे लेकर दीवाली पहले भी विवाद हुआ था। इस बैनर में भाजपा जिलाध्यक्ष रक्षा भंडारी की तस्वीर तो लगाई लेकिन, सांसद लुम्बाराम चौधरी और पंचायतराज राज्यमंत्री ओटाराम देवासी, जिला प्रमुख अर्जुन पुरोहित की तस्वीर गायब कर दी। इसे लेकर विवाद हुआ तो नया बैनर बनाया गया। इसमें सांसद और मंत्री कीे फोटो लगाई गई। सूत्रों के अनुसार इसे मानवीय भूल बताते हुए सोशल मीडिया पर एक क्षमा संदेश भी प्रसारित हुआ। लेकिन, इसमें फिर से जिला प्रमुख अर्जुन पुरोहित की तस्वीर को जगह नहीं दी गई। ऐसे में भाजपा में चर्चा ये है कि न तो पहले की फोटो मानवीय भूल से हटी है और न ही दूसरे बैनर में।

उसकी वजह खुद भाजपा नेता ही देते हैं। उनका कहना है कि भाजपा के वर्तमान नेतृत्व और भाजपा के पूर्व नेतृत्व के बीच में शुरू से ही वर्चस्व की लडाई रही है। जिला प्रमुख अर्जुन पुरोहित पूर्व नेतृत्व करने वाले भाजपा नेता के भाई हैं ऐसे में उनकी फोटो को यहां जगह नहीं दी गई। बैनर में एक और कमी जो यहां के भाजपा नेता निकाल रहे हैं वो है महामंत्रियों के छोटे पद के जिला कार्यकारिणी पदाधिकारियों को स्थान दिया है। जिला कार्यकारिणी के आबूरोड के पदाधिकारी दुर्गेश शर्मा, रीतेश सिंह और नीलम राणा को होर्डिंग में जगह दी गई है। लेकिन, तीनों महामंत्री ही गायब कर दिए।

आबूरोड तरतोली मोड पर नीरज डांगी के होर्डिंग के ऊपर रखा आबूरोड नगर कांग्रेस का होर्डिंग।

जो काम कांग्रेस नहीं करने दे रही भाजपा ने किया

रेलवे स्टेशन वाले भाजपा वाले बैनर पर कांग्रेस का बैनर लगा देने पर यहां के भाजपा कार्यकर्ता ये भी दलील दे रहे हैं अपनी गरिमा से खिलवाड का जो काम कांग्रेस खुद नहीं करने दे रही है वो काम भाजपा कांग्रेस को यहां पर करने दे रही है। वो इसके लिए तरतोली मोड पर लगे कांग्रेस के होर्डिंग का जिक्र कर रहे हैं। उसका उदाहरण देते हुए उनकी दलील है कि यहां पर नीरज डांगी के रेलवे स्टेशन जैसे ही होर्डिंग को कांग्रेस के संयम लोढा के गुट के नेताओं ने ढक दिया। यहां पर नीरज डांगी के रेलवे स्टेशन की तरह के होर्डिंग पर कांग्रेस के संमय लोढा गुट के नगर कांग्रेस का होर्डिंग टिका कर नीरज डांगी वाले होर्डिंग को आधा छिपा दिया गया है।

यही नहीं नीरज डांगी वाले होर्डिंग में आबूरोड नगर पालिका में कांग्रेस संयम लोढा गुट के पार्षदों की तस्वीर नहीं है तो नगर मंडल के होर्डिंग में कांग्रेस के नीरज डांगी गुट के पार्षदों की। भाजपा नेताओं का कहना है कि कांग्रेस खुद अपने नेताओं को बर्दाश्त नहीं कर पा रही है उस कांग्रेस को भाजपा नगर पालिकाध्यक्ष और नगर मंडल अपने होर्डिंग पर बर्दाश्त करके भाजपा के आम कार्यकर्ताओं के मनोबल को हतोत्साहित कर रही है।