राजकुमार जयपाल बने शहर कांग्रेस अध्यक्ष, देहात की कमान विकास चौधरी के हाथ

अजमेर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने लंबे इंतजार के बाद शहर कांग्रेस जिलाध्यक्ष पद पर पूर्व विधायक एवं मौजूदा प्रदेश कांग्रेस कमेटी उपाध्यक्ष डा राजकुमार जयपाल तथा देहात कांग्रेस जिलाध्यक्ष पद पर किशनगढ विधायक विकास चौधरी को कमान सौंपी है।

कांग्रेस ने अजमेर शहर में एससी और देहात में ओबीसी वर्ग को तरजीह दी है। माना जा रहा है कि इन नियुक्तियों में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पूर्व पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं राष्ट्रीय महासचिव सचिन पायलट गुट को मात देकर उनके समर्थकों को तगडा झटका दिया है। जयपाल गहलोत गुट और चौधरी पीसीसी अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा की पहली पसंद होने के कारण गहलोत गुट ने इनके नामों पर मोहर लगा दी।

इससे पहले अजमेर शहर और देहात में 9 साल से जिलाध्यक्षों की नियुक्तियां नहीं होने का बडा कारण सचिन पायलट का वीटो पावर बताया जा रहा था, लेकिन फाइनली पायलट का वीटो पावर धरा रह गया। अजमेर शहर अध्यक्ष पद र विजय जैन और देहात अध्यक्ष पद पर भूपेन्द्र सिंह की नियुक्तियां पायलट ने प्रदेशाध्यक्ष रहते हुए की थी। इसके बाद साल 2020 में प्रदेशभर में कांग्रेस कमेटियों को भंग ​कर दिया गया था।

इसके बाद कई जिलों में नए अध्यक्ष नियुक्त कर दिए गए थे, लेकिन अजमेर समेत कुछ जिलों को छोड दिया गया था। ऐसे में विजय जैन और भूपेन्द्र सिंह ने ही पांच साल तक निर्वमान रहते हुए अध्यक्ष की भूमिका निभाई।