संसद में इस हफ्ते का घटनाक्रम अलोकतांत्रिक और अभूतपूर्व : राहुल गांधी

0

नई दिल्ली। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा है कि बजट सत्र के पहले सप्ताह के दौरान संसद में जो कुछ हुआ वह न केवल अभूतपूर्व बल्कि अलोकतांत्रिक भी था।

गांधी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में देशवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि मेरे प्यारे देशवासियों और साथियों, इस हफ्ते संसद में कुछ ऐसा हुआ, जो न सिर्फ़ अभूतपूर्व था, बल्कि पूरी तरह अलोकतांत्रिक भी था। लोकसभा में विपक्ष के नेता तौर पर, जब मैंने एक गंभीर राष्ट्रीय सुरक्षा संकट के दौरान प्रधानमंत्री मोदी की ज़िम्मेदारी से पीछे हटने पर सवाल उठाया, तो मुझे बोलने ही नहीं दिया गया।

उन्होंने आगे कहा कि पूर्व सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे की किताब में सामने आए तथ्यों ने एक असहज सच्चाई उजागर की है कि जब चीन भारत पर दबाव बना रहा था, तब प्रधानमंत्री हमारी सेना के साथ खड़े नहीं हुए इसीलिए बहस रोकी गई और इसीलिए संसद को ख़ामोश भी किया गया।

राहुल गांधी ने कहा कि यह सरकार डर से चलती है-जवाबदेही के डर से और सच्चाई के डर से। भारत को जवाब चाहिए और उसे ऐसी संसद चाहिए जहां स्वतंत्रता से बोला जा सके।