अजमेर में संभाग स्तरीय अमृता हाट मेले का भव्य शुभारंभ

1

महिला शक्ति राष्ट्र निर्माण की आधारशिला : भागीरथ चौधरी
अजमेर। जिला प्रशासन एवं महिला अधिकारिता विभाग के संयुक्त तत्वावधान में संभाग स्तरीय अमृता हाट मेले का भव्य शुभारंभ सोमवार को अरबन हाट में किया गया। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी रहे।

अतिथियों ने स्टॉलों का अवलोकन कर महिला उद्यमियों से संवाद किया। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ माननीय केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी द्वारा गणेश प्रतिमा पर दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चौधरी ने कहा कि महिला शक्ति राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है। महिलाएं आज स्वरोजगार के माध्यम से न केवल अपने परिवार का संबल बन रही हैं, बल्कि राज्य व देश की आर्थिक प्रगति में भी अग्रणी भूमिका निभा रही हैं। महिला स्वयं सहायता समूहों और महिला उद्यमियों द्वारा निर्मित हस्तनिर्मित उत्पाद पर्यावरण के अनुकूल होने के साथ आत्मनिर्भर भारत की दिशा में सशक्त कदम हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं के कल्याण, आत्मरक्षा एवं आर्थिक सशक्तिकरण के प्रति संवेदनशील व प्रतिबद्ध है तथा केन्द्र व राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ पात्र वर्ग तक पहुंचाने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।

इस अवसर पर विभाग की फ्लैगशिप लाडो प्रोत्साहन एवं सम्मान योजना के प्रचार-प्रसार के लिए प्रदेश में पहली बार तैयार किए गए मस्कट का भी विमोचन किया गया। इसे महिला एवं बालिका सशक्तीकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के एक नवाचार के रूप में देखा जा रहा है।

अतिरिक्त संभागीय आयुक्त दीप्ति शर्मा ने कहा कि अमृता हाट जैसे मंच महिला स्वयं सहायता समूहों को विपणन का अवसर प्रदान कर उनकी आय बढ़ाने एवं आर्थिक सशक्तीकरण सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यह सात दिवसीय मेला नारी शक्ति की उद्यमशीलता, सांस्कृतिक समृद्धि और आत्मनिर्भरता का उत्सव बनकर उभरेगा।

महिला अधिकारिता विभाग की उपनिदेशक मेघा रतन ने अमृता हाट के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह आयोजन महिला स्वयं सहायता समूहों एवं महिला उद्यमियों द्वारा निर्मित मूल्य संवर्धित उत्पादों के प्रदर्शन, विपणन तथा उनकी विशिष्ट पहचान स्थापित करने का सशक्त मंच है। उन्होंने बताया कि अजमेर संभाग मुख्यालय पर यह मेला 16 फरवरी से 22 फरवरी 2026 तक आयोजित किया जाएगा। इसमें प्रदेश के विभिन्न अंचलों से आने वाले महिला समूहों द्वारा एक ही छत के नीचे अपने उत्पादों का प्रदर्शन एवं विपणन किया जाएगा। इस वर्ष कुल 80 स्टॉल लगाई गई हैं।

उन्होंने बताया कि इस बार अमृता हाट को विशेष नवाचारों के साथ आयोजित किया जा रहा है। प्रतिदिन प्रातः योग कार्यक्रम, लकी ड्रॉ योजना प्रत्येक स्टॉल से न्यूनतम 1000 रुपये की खरीद पर कूपन, बाहर से आने वाली महिलाओं के लिए अजमेर एवं आसपास के पर्यटन स्थलों का भ्रमण, लाइव हैंडीक्राफ्ट डेमो स्टॉल, रस्साकशी एवं म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता जैसी गतिविधियाँ आकर्षण का केन्द्र रहेंगी।

सांस्कृतिक संध्या में तेरहताली, भवई, कालबेलिया, चरी नृत्य एवं अन्य लोक प्रस्तुतियां होंगी। फाल्गुन माह के अवसर पर मेले की थीम फाल्गुन के रंग, नारी के संग सशक्तीकरण से खुशियों की उमंग रखी गई है। इसके अनुरूप साज-सज्जा की गई है। सांस्कृतिक प्रस्तुतियां लवलीन द्वारा दी गईं।

कार्यक्रम में संभागीय आयुक्त शक्ति सिंह राठौड़, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राम प्रकाश, अतिरिक्त संभागीय आयुक्त दीप्ति शर्मा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ज्योत्सना रंगा, राजकीय जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय के अधीक्षक डॉ. अरविन्द खरे सहित अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।