देहरादून। उत्तराखंड के देहरादू में स्थानीय विधायक उमेश शर्मा काऊ की उपस्थिति में उनके समर्थकों ने प्रारंभिक शिक्षा निदेशक अजय कुमार नौडियाल की शनिवार को पिटाई कर दी।
इस घटना के समय शर्मा नौडियाल से मिलने के लिए पहुंचे थे। घायल अवस्था में निदेशक को कोरोनेशन अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि विधायक ने निदेशक के समर्थन में कमरे में आए कुछ लोगों पर अपने ऊपर फोन से हमला करने और सरकार विरोधी नारे लगाने का आरोप लगाया है।
नौडियाल ने संवाददाता को बताया कि रायपुर प्रखंड के अस्थल प्राथमिक स्कूल के नाम परिवर्तन को लेकर विधायक और समर्थक आए थे। उन्हें बता दिया था कि शासन स्तर पर प्रस्ताव गया हुआ है। इसी को लेकर हाथापाई की गई। विधायक भी वहीं हल्ला कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पुलिस अपनी कार्रवाई करेगी उनकी ओर से शिकायत दी जा रही है।
वहीं, शर्मा ने कहा कि जिन्होंने अपनी भूमि विद्यालय स्थापना के लिए दान दी है, वे लोग अपने परिजन के नाम से विद्यालय का नाम चाहते हैं। निदेशक ने उन्हें सम्बंधित प्रस्ताव शासन में भेजने की बात कही थी। इस पर मैने स्वयं सचिव शिक्षा रविनाथ रमन से फोन पर इस बारे में बात की तो उन्होंने ऐसा कोई प्रस्ताव अपने कार्यालय में प्राप्त होने से इनकार किया। इस पर विद्यालय प्रबंधन के लोगों के साथ मैं आज निदेशक नौडियाल के पास गया और उनसे शासन को भेजे गए प्रस्ताव की कॉपी मांगी।
विधायक ने बताया कि इस पर निदेशक प्रारंभिक शिक्षा ने किसी को फोन किया और उसके बाद कमरे में कई लोग घुस आए। उन्होंने आरोप लगाया कि कमरे में आए लोगों ने उनके और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए वहां मेज पर रखा एक फोन उठाकर उनकी ओर फेंका, जो उनके कंधे को छूता हुआ नीचे गिर गया। उन्होंने कहा कि मेरे साथ अगर सुरक्षा कर्मी नहीं होते तो वहां आए उपद्रवी उन्हें मारते, पीटते।
इस दौरान पुलिस ने निदेशक शिक्षा की रिपोर्ट प्राप्त कर ली है और मामले की जांच शुरू कर दी है। इस बीच, निदेशक पर विधायक और उनके लोगों द्वारा हमले की सूचना मिलते ही, शिक्षक और शिक्षणेत्तर कर्मचारी निदेशालय में एकत्र होंगे हैं।



