एसपीसी जीसीए में इलेक्टोरल लिटरेसी फेस्टिवल पर विविध आयोजन

0

अजमेर। मतदान के प्रति युवाओं को जागरूक बनाने के लिए इलेक्टोरल लिटरेसी फेस्टिवल के अन्तर्गत सम्राट पृथ्वीराज चौहान राजकीय महाविद्यालय अजमेर में महाविद्यालय की स्वीप समिति की ओर से आयोजित विविध गतिविधियों एवं प्रतियोगिताओं का समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह शुक्रवार को सेमिनार हॉल में आयोजित किया गया।

समारोह के मुख्य अतिथि प्राचार्य प्रो.(डॉ) मनोज कुमार बहरवाल एवं विशिष्ट अतिथि कॉलेज शिक्षा सहायक निदेशक प्रो. अनिल कुमार दाधीच रहे। स्वीप समिति की जिला नोडल एवं महाविद्यालय की समन्वयक डॉ. भारती प्रकाश ने अतिथियों का स्वागत करते हुए संक्षिप्त परिचय दिया।

प्राचार्य प्रो. बहरवाल ने चुनावी साक्षरता के लिए आयोजित गतिविधियों एवं प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि भारतीय लोकतन्त्र में चुनाव में स्वयं के अधिकार से परिचित होना जरूरी है। एक सक्रिय, सजग और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक मतदाता ही श्रेष्ठ प्रतिनिधियों का चुनाव कर देश के विकास में भागीदार होता है। अतः अपने अधिकार को जानो और कर्तव्यपूर्वक मतदान का अवश्य प्रयोग करो।

विशिष्ट अतिथि प्रो. दाधीच ने विकसित भारत @2047 के लक्ष्य की प्राप्ति में युवाओं की भूमिका को रेखांकित करते हुए लोकतन्त्र की सुदृढता के लिए चुनावी जागरूकता को अनिवार्य बताया। उन्होंने कहा कि एक जागरूक पीढ़ी ही विकास के समुन्नत आयाम के आधार पर भविष्य को सही दिशा प्रदान कर सकती है।

नारा लेखन – चुनावी साक्षरता के अभियान के दौरान महिलाओं का मतदान अधिकार विषय पर नारा लेखन प्रतियोगिता हुई जिसमें विद्यार्थियों ने आकर्षक नारों की रचना की। नारा लेखन में अभिनव शर्मा ने प्रथम, विहान सिंह ने द्वितीय और वन्दना यादव स्वाति ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

पोस्टर प्रतियोगिता – दिव्यांगजन के मतदान अधिकार एवं सुविधाएं विषय पर पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने दिव्यांगजन को मतदान के लिए प्रेरित करने और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने का संदेश दिया। प्रतियोगिता में अनीशा माहेश्वरी ने प्रथम, संगीता ने द्वितीय और अश्विन कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

भाषण प्रतियोगिता – विकसित भारत के निर्माण में युवा मतदान की महत्ता विषय पर भाषण प्रतियोगिता में वक्ताओं ने कहा कि युवा वर्ग को अपने मताधिकार का उपयोग करके देश के विकास में भाग लेना चाहिए और एक मजबूत भारत का निर्माण करना चाहिए। उन्होंने कहा कि मतदान करना न केवल अधिकार है, बल्कि देश के प्रति एक कर्तव्य भी है। भाषण प्रतियोगिता में लिज़ा कतीरिया ने प्रथम, आयुष तिवारी ने द्वितीय और पर्ल फुलवारी और समन्यु वर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

रंगोली प्रतियोगिता – रंगोली प्रतियोगिता में छात्राओं ने मतदाता जागरूकता पर आकर्षक रंगोली बनाई। रंगोली प्रतियोगिता में दीपिका और लाजवंती ने प्रथम, खुशबू किया और ममता बैरवा ने द्वितीय और अंकिता और नीलम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता – इलेक्टोरल लिटरेसी पर प्रश्नोत्तरी का आयोजन किया गया जिसमें छात्रों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और इलेक्टोरल लिटरेसी से संबंधित प्रश्नों के उत्तर दिए।

निबन्ध प्रतियोगिता – मतदाता साक्षरता का महत्व पर निबंध प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और मतदाता साक्षरता के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। इसमें विहान सिंह प्रथम, तनीषा चांवरिया द्वितीय, स्वाति जांगिड़ एवं गीता बेन ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहे।

समापन समारोह में चुनावी साक्षरता पर नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया, जिसने दर्शकों को चुनावी साक्षरता के महत्व के बारे में जागरूक किया। कैैंपस एम्बेसडर लारा मीणा ने वर्ष भर आयोजित गतिविधियों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। समारोह में सभी विजेताओं को पुरस्कृत किया गया और प्राचार्य ने विद्यार्थियों एवं संकाय सदस्यों को मतदान की शपथ दिलाई।

कार्यक्रम के सफल संचालन में डॉ. रश्मि शर्मा, डॉ. मनोज अवस्थी, डॉ. ललिता सुखीजा, डॉ. संजना शर्मा, डॉ. सरिता चांवरिया, डॉ. लक्ष्मी यादव, डॉ. हेमलता कुम्पावत, डॉ. कमलेश रावत, डॉ. विमल महावर, डॉ. मीना दौचानिया, डॉ. विजय कुमार, डॉ. गरिमा मीणा, डॉ. मनोज कुमार का विशेष सहयोग रहा। गतिविधियों के संचालन में राष्ट्रीय सेवा योजना, राष्ट्रीय कैडेट कोर, रेड रिबन क्लब के स्वयंसेवकों का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम का संचालन डॉ. आशुतोष पारीक एवं डॉ. उमेश दत्त ने किया। धन्यवाद ज्ञापन डॉ. बिनय कुमार ने किया