भीलवाड़ा में बदमाशों ने घरों पर बरसाए पत्थर, क्षेत्र में खौफ व्याप्त

0

भीलवाड़ा। राजस्थान में भीलवाड़ा के कोतवाली थाना क्षेत्र में रविवार देर रात अज्ञात बदमाशों ने 10 से अधिक घरों को निशाना बनाते हुए भारी पथराव किया, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गयी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार भोपालपुरा में खेड़ा खूंट माताजी मंदिर के पास अचानक छतों और टीन की चादरों पर बड़े-बड़े पत्थर गिरने की आवाजें आने लगीं। जो लोग छत पर थे वे डरकर नीचे आ गए। पथराव से घरों की छतों और पास ही स्थित एक कारखाने की टीन की चद्दरों को भी नुकसान पहुंचा है।

सूत्रों ने बताया कि आवाज सुनकर जब मोहल्ले के लोग बाहर जमा हुए और बदमाशों की तलाश शुरू की, तब तक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो चुके थे। घटना के बाद से ही स्थानीय निवासियों में असुरक्षा और डर का माहौल व्याप्त है। पीड़ितों का कहना है कि यह स्पष्ट नहीं है कि हमला किस नीयत से किया गया, लेकिन इससे जान-माल का बड़ा खतरा पैदा हो गया था।

घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी शिवराज पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास के संभावित रास्तों पर बदमाशों की तलाश की। फिलहाल किसी का सुराग नहीं लग पाया है। घटना से आक्रोशित पीड़ितों ने प्राथमिकी पुलिस में दर्ज कराई है।