भीलवाड़ा। राजस्थान में भीलवाड़ा के सुभाष नगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने मोटर साइकिल चोरी के आरोप में दो बदमाशों को गिरफ्तार करके उनसे चोरी की 18 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि पीड़ित शंभू दयाल ने पांच जून को शिकायत की कि उसकी मोटर साइकिल वर्धमान स्कूल के पास खड़ी थी, जिसे अज्ञात चोर ले गया। इस पर पुलिस ने मामला दर्ज करके घटनास्थल के आसपास के तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की मदद से गोपाल (37) और उसके साथी भैंरूलाल (29) को पकड़ लिया। उनसे पूछताछ के बाद शहर के अलग इलाकों से कुल 18 मोटरसाइकिलें बरामद की गई।
पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी गोपाल घोषित कुख्यात बदमाश है। उसके खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में चोरी, नकबजनी और अन्य संगीन धाराओं के तहत 15 आपराधिक मामले पहले से ही दर्ज हैं।
संतोषपुरा मार्ग पर व्यक्ति का शव मिला
भीलवाड़ा जिले के मांडल थाना क्षेत्र में संतोषपुरा मार्ग पर सोमवार सुबह एक व्यक्ति का शव मिलने सनसनी फैल गई। मृतक के शरीर पर चोटों के निशान मिलने से अंदेशा जताया जा रहा है कि उसके साथ गंभीर मारपीट की गई, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए हत्या की धाराओं में जांच शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि संतोषपुरा मार्ग स्थित पेट्रोल पंप के पीछे एक युवक का शव बरामद किया गया, जिसकी शिनाख्त हितेश के रूप में हुई है। हितेश मूल रूप से मध्य प्रदेश का निवासी था। मृतक हितेश के साथ उसके ही गांव से अंकित पटेल नाम का एक अन्य युवक भी काम करने के लिए यहां आया था, जो वारदात के बाद से ही फरार है।
पुलिस ने बताया कि संभवत: किसी बात को लेकर अंकित और हितेश के बीच विवाद हुआ होगा। यह झगड़ा इतना बढ़ गया कि अंकित ने हितेश के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई और वह शव को पेट्रोल पंप के पीछे फेंककर भाग निकला। पुलिस अंकित पटेल की तलाश में जुटी है।



