बून्दी। राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने सोमवार को बूंदी जिले में ग्राम पंचायत गरडदा के ग्राम विकास अधिकारी मुकेश कुमार को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
ब्यूरो के पुलिस महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया कि एसीबी चौकी बून्दी को शिकायत मिली थी कि गरडदा ग्राम पंचायत ग्राम विकास अधिकारी द्वारा परिवादी की फर्म तरू एंड कम्पनी द्वारा ग्राम पंचायत में पनघट का कार्य करने के लगभग 15 लाख रुपए के कार्यों के भुगतान की एवज में परिवादी से भुगतान का 30 प्रतिशत लगभग 4.50 लाख रुपए की रिश्वत की मांग कर परिवादी को परेशान किया जा रहा है।
इस पर एसीबी टीम द्वारा ट्रेप कार्यवाही करते हुए आरोपी मुकेश कुमार को परिवादी से 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया।
ग्राम विकास अधिकारी ने परिवादी से यह रिश्वत राशि अपने किराये के मकान के बाहर परिवादी से ग्रहण कर अपनी पेंट की जेब में रखी तथा एसीबी टीम को देखकर जेब से निकाल कर रोड पर गिरा दिए थे। एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव एवं महानिरीक्षक एस परिमला के निर्देशन में आरोपी से पूछताछ तथा कार्यवाही जारी है।



