रामगढ़। झारखंड के रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग पर रजरप्पा थाना क्षेत्र के लारी गांव स्थित बुध बाजार के समीप कल देर रात करीब साढ़े 11 बजे ट्रक और पिकअप वाहन की आमने-सामने की भीषण टक्कर में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल को पहले रामगढ़ सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची रिम्स रेफर कर दिया गया। पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि, सभी मृतक ताशा पार्टी के सदस्य थे। वे मुहर्रम पर्व के अवसर पर कार्यक्रम संपन्न कर पिकअप वाहन गौला से रामगढ़ की ओर लौट रहे थे।
इसी दौरान लारी बुध बाजार स्थित होटल सम्राट के पास विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रहे कोयला लदे एलपी ट्रक (जेएच 02एए-4786) ने पिकअप वाहन (जेएच 02 क्यू 8268) को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए।
पुलिस के अनुसार, मृतकों में दो युवक रजरप्पा थाना क्षेत्र के मारंगमरचा गांव तथा पांच कुजू के बलसगरा गांव के निवासी थे। सभी की उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष के बीच बताई जा रही है। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना के बाद रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग पर शुक्रवार अल सुबह तक दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगी रही। आक्रोशित ग्रामीणों ने मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने तथा इस मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर रोक लगाने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। मौके पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी स्थिति को नियंत्रित करने में जुटे हैं।



