सी चंद्रशेखर विजय की पत्नी संगीता ने तलाक की याचिका वापस ली, कोर्ट ने मामला बंद किया

0

चेन्नई। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और तमिझगा वेट्री कझगम (टीवीके) के संस्थापक सी चंद्रशेखर विजय की पत्नी संगीता ने उनके खिलाफ दायर तलाक की याचिका शुक्रवार को वापस ले ली। इसके बाद चंगलपट्टू परिवार न्यायालय ने मामले को बंद कर दिया।

विजय और संगीता दोनों वीडियो-कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये अदालत के सामने पेश हुए। इसमें संगीता ने कहा कि उन्होंने तलाक की याचिका वापस लेने का फैसला किया है। इसे स्वीकार करते हुए चंगलपट्टू परिवार अदालत ने मामला बंद कर दिया।

15 जून को हुई पिछली सुनवाई के दौरान अदालत ने इस याचिका पर सुनवाई आज सात अगस्त तक के लिए स्थगित कर दी थी। संगीता ने एक अभिनेत्री के साथ अवैध संबंधों का आरोप लगाते हुए शादी रद्द करने की मांग की थी। उस दिन सुनवाई स्थगित इसलिए करनी पड़ी थी, क्योंकि जब चंगलपट्टू परिवार अदालत की न्यायधीश न्यामूर्ति सुजाता ने मामले की सुनवाई शुरू की तो विजय और संगीता दोनों ही वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये अदालत में पेश नहीं हुए थे।
आज जब दोनों अदालत के सामने पेश हुए तो संगीता ने तलाक की याचिका वापस ले ली। इसके बाद अदालत ने मामला बंद कर दिया।

दोनों की शादी को 27 वर्ष हो चुके हैं। संगीता ने 24 फरवरी को चंगलपट्टू जिला प्रधान सत्र अदालत में बेवफाई के आधार पर तलाक की याचिका दायर की थी। बाद में इस मामले को चंगलपट्टू परिवार न्यायालय में स्थानांतरित कर दिया गया था।