मनोनीत मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शुक्रवार को लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ

जयपुर। राजस्थान के मनोनीत मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा शुक्रवार को अपने जन्म दिन के मौके पर मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। राजधानी जयपुर के रामनिवास बाग स्थित ऐतिहासिक अल्बर्ट हॉल के सामने आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल कलराज मिश्र दोपहर में शर्मा को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएं। उनके साथ मनोनीत उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी और प्रेम चंद बैरवा भी शपथ लेंगे।

इस मौके प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जगत प्रसाद नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, जलशक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत सहित कई केन्द्रीय मंत्री, भाजपा शासित राज्याें के मुख्यमंत्री एवं उपमुख्यमंत्री मौजूद रहेंगे। इस मौके प्रदेश के भाजपा नेताओं में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, पार्टी के वरिष्ठ नेता राजेन्द्र सिंह राठौड़, डा सतीश पूनियां सहित पार्टी के सभी नेता एवं निर्वाचित विधायक शामिल होंगे। इनके अलावा बड़ी संख्या में भाजपा के कार्यकर्ता और आम जन भी शामिल होंगे।

इस मौके सीपी जोशी ने कहा कि भजन लाल शर्मा एक सामान्य कार्यकर्ता के रुप में काम करते करते इस स्थान पर पहुंचे हैं और पूरे राजस्थान के कार्यकर्ताओं में उत्साह है और ऊर्जा का वातावरण बना हुआ है और आमजन में भी खुशी है और इस खुशी के मौके पर प्रदेश भर से लोग यहां पहुंचेंगे और मोदी का आभार प्रकट करेंगे। उन्होंने कहा कि उनकी गारंटी पर विश्वास जताया गया है और ऐसे मौके पर उनकी उपस्थिति प्रेरणादायी रहेगी।

शपथ ग्रहण समारोह स्थल पर तीन मंच बनाए गए हैं और जहां मुख्य मंच पर शपथ ग्रहण कराई जाएगी। समारोह के लिए व्यापक सुरक्षा बंदोबस्त किए गए हैं और इसके पुलिस बल तैनात किया गया है। यह समारोह ऐतिहासिक अल्बर्ट हॉल के सामने होने के कारण यहां आने वाले पर्यटकों के लिए दो दिन के लिए अल्बर्ट हॉल को बंद कर दिया गया है। वहीं यातायात में भी बदलाव किया गया है।

इस मौके पर जयपुर शहर के मुख्य मार्गों और प्रवेश मार्गों को सजाया गया है। शहर में चारों और भाजपा के झंडे और होर्डिंग एवं कटआउट सहित केंद्र की मोदी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े पोस्टर और बैनर नजर आने लगे हैं।

उल्लेखनीय है कि गत 25 नवंबर को हुए विधानसभा आम चुनाव-2023 में 115 सीटों के साथ भाजपा ने स्पष्ट बहुमत हासिल किया और मंगलवार को भाजपा विधायक दल की बैठक हुई जिसमें सांगानेर विधानसभा क्षेत्र से पहली बार विधायक निर्वाचित हुए भजन लाल शर्मा को विधायक दल का नेता चुना गया, जबकि विद्याधरनगर से विधायक दिया कुमारी और दूदू से प्रेम चंद बैरवा को उपमुख्यमंत्री तथा अजमेर उत्तर से वासुदेव देवनानी को विधानसभा अध्यक्ष मनोनीत किया गया।

विधानसभा की 200 में से 199 सीटों पर हुए चुनाव में भाजपा ने 115 पर जीत हासिल की जबकि कांग्रेस 69 पर सिमट गई। श्रीगंगानगर जिले में करणपुर सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी गुरमीत सिंह कुन्नर के निधन के कारण चुनाव स्थगित हो गया जहां अब पांच जनवरी को मतदान होगा।

मनोनीत विधानसभा अध्यक्ष देवनानी का अजमेर आगमन पर भव्य स्वागत