भोजपुरी एक्ट्रेस आकांक्षा दुबे सुसाइड केस में भोजपुरी गायक समर सिंह अरेस्ट

गाजियाबाद। भोजपुरी एक्ट्रेस आकांक्षा दुबे सुसाइड केस में मुख्य आरोपी भोजपुरी गायक समर सिंह को पुुलिस ने अरेस्ट कर लिया है। आकांक्षा ने वाराणसी के सारनाथ के एक होटल में फंदे से लटकर अपनी जान दे दी थी। समर सिंह और उसका भाई, आकांक्षा सुसाइड मामले में फरार चल रहे थे। वाराणसी पुलिस ने गाजियाबाद पुलिस के साथ मिलकर समर सिंह को गाजियाबाद की चार्म्स क्रिस्टल सोसायटी राजनगर एक्सटेंशन से दबोच लिया।

पुलिस समर सिंह की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही थी। आकांक्षा दुबे की मां ने समर सिंह और उसके भाई के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने भी समर सिंह और उसके भाई के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

गाजियाबाद पुलिस के डीसीपी निपुण अग्रवाल के मुताबिक बीते गुरुवार को आकांक्षा दुबे मामले में वाराणसी पुलिस ने गाजियाबाद पुलिस से मदद मांगी थी। इसके बाद गाजियाबाद में नंदग्राम थाना क्षेत्र स्थित गांव मोरटा के नजदीक एक सोसाइटी से वाराणसी पुलिस ने समर सिंह को गिरफ्तार किया है।

अपर पुलिस आयुक्त संतोष सिंह ने बताया था कि एक्ट्रेस की मां की तरफ से दर्ज एफआईआर में समर सिंह और उनके भाई को आरोपी बनाया गया है। ऐसे आरोप हैं कि ये दोनों आकांक्षा को विवश करते थे कि सिर्फ उनके लिए काम करें। वे पूरा पैसा भी नहीं देते थे तथा आकांक्षा पैसे मांगती थी तो उसके साथ मारपीट करते थे।

पुलिस को आकांक्षा और समर के लिव-इन रिलेशन में रहने की जानकारी भी मिली थी. बताया जा रहा है कि दोनों टकटकपुर में रहते थे। संभवतः इसी बीच इनका ब्रेकअप हो गया। पुलिस का मानना है कि शायद इसी ब्रेकअप के अवसाद की वजह से आकांक्षा दुबे ने कथित तौर पर इहलीला समाप्त कर ली।

आकांक्षा दुबे ने दी थी ब्रेकअप पार्टी

भोजपुरी अभिनेत्री अकांक्षा दुबे की मौत के मामले में ताजा विवाद पोस्टमार्टम रिपोर्ट से सामने आया है, जिसमें अकांक्षा के वकील ने पुलिस पर कई आरोप लगाए हैं। वहीं यह भी जानकारी सामने आ रही है कि अकांक्षा ने मौत से पहले ब्रेकअप पार्टी दी थी। जिसका सीसीटीवी फुटेज भी पिछले दिनों वायरल हुआ था, जो कि 25 मार्च 2023 का है।

अकांक्षा दुबे के वकील शशांक शेखर त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस ने उन्हें जानकारी दी कि आकांक्षा आत्महत्या करने के एक दिन पहले एक पब में गई थी, जहां वह अपने तीन दोस्तों के साथ गई थी। यहां उन्होंने अपने दोस्तों के साथ ब्रेकअप पार्टी मनाई, जिसमें उन्होंने 11000 का बिल भरा। इस पब से बाहर आते वक्त का सीसीटीवी फुटेज भी वायरल हुआ है, जिसमें अकांक्षा पब से निकलते हुए दिख रही हैं, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जो बात सामने आई है वह यह है कि उनके पेट में भोजन नहीं मिला।