भाजपा प्रत्याशी गोपाल शर्मा ने सिविल लाइंस से भरा अपना नामांकन

जयपुर। राजस्थान में आगामी 25 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव में सिविल लाइंस विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशी गोपाल शर्मा ने सोमवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।

शर्मा ने अभिजीत मुहूर्त में कलेक्ट्रेट में अपना पर्चा भरा। इस अवसर पर प्रदेश चुनाव प्रभारी और केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी, जयपुर शहर सांसद रामचरण बोहरा, प्रदेश उपाध्यक्ष अजयपाल सिंह, भाजपा शहर अध्यक्ष राघव शर्मा, पूर्व शहर अध्यक्ष संजय जैन समेत अन्य भाजपा नेता इस मौके पर मौजूद थे।

इस दौरान शर्मा ने कलेक्ट्रेट परिसर में मीडिया से बातचीत में कहा कि उन्होंने सांगानेर से टिकट की दावेदारी की थी लेकिन सांगा बाबा ने आदेश दिया कि जड़ों में जाओ। तत्कालीन मुख्यमंत्री भैरों सिंह शेखावत के निवास पर लंबा समय बीता। शास्त्रीनगर में भी कई सालों तक किराये के मकान में रहा।

उन्होंने सिविल लाइंस विधानसभा चुनाव को कई मायनों में खास बताते हुए कहा कि यह राष्ट्रवाद बनाम तुष्टिकरण का चुनाव है। यह अहंकार और विनम्रता का चुनाव है। सिविल लाइंस विधानसभा क्षेत्र के हर कमजोर और दलित का पसीना मेरे लिए माथे का चंदन होगा।

इससे पूर्व शर्मा प्रदेश भाजपा कार्यालय से भाजपा के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों के साथ वाहन रैली के रूप में रवाना हुए। रवानगी से पहले श्री शर्मा ने मोतीडूंगरी गणेशजी मंदिर में दर्शन किए। भाजपा प्रदेश कार्यालय के बाहर संतों-महंतों और पंडितों ने मंत्रोच्चार कर विजय तिलक किया।

इस मौके पर कारगिल शहीद कैप्टन अमित भारद्वाज के पिता ओमप्रकाश शर्मा, मेजर जनरल अनुज माथुर, सर्व ब्राह्मण महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पं. सुरेश मिश्रा, भाजपा के पूर्व प्रदेश कोषाध्यक्ष सुनील भार्गव, भाजपा सिविल लाइंस विधानसभा क्षेत्र के मंडल अध्यक्ष, विभिन्न मोर्चा के अध्यक्ष, विभिन्न नागरिक संगठनों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।