मोदी, शाह, सोनिया, राहुल सहित कई नेताओं ने किया चुनाव प्रचार

जयपुर। राजस्थान में लोकसभा चुनाव में 19 अप्रैल को पहले चरण में 12 लोकसभा क्षेत्रों में होने वाले चुनाव के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे , कांग्रेस पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी एवं राहुल गांधी, केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह, प्रदेश के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के कई नेताओं ने अपने प्रत्याशियों के समर्थन में चुनाव प्रचार किया।

पहले चरण के मतदान से 48 घंटे पहले चुनाव प्रचार बुधवार शाम छह बजे थम गया और इससे पहले सत्तारुढ़ भारतीय जनता पार्टी एवं विपक्ष कांग्रेस के दिग्गज नेताओं ने पहले चरण के लोकसभा क्षेत्रों में जमकर चुनाव प्रचार किया। इसके लिए दोनों पार्टियों ने 40-40 नेताओं को स्टार प्रचारक बनाये थे। हालांकि चुनाव प्रचार में दोनों ही पार्टियों के शीर्ष नेता चुनाव प्रचार में ज्यादा नजर आये।

भाजपा के प्रत्याशियों के समर्थन में मोदी, शाह, शर्मा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केन्द्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी एवं प्रेम चंद बैरवा सहित राज्य के कई मंत्रियों एवं चुनाव लड़ रहे केन्द्रीय मंत्रियों एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डा सतीश पूनियां एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र सिंह राठौड़ सहित कई नेताओं ने चुनावी सभाओं को संबोधित कर अपनी पार्टी के उम्मीदवारों के पक्ष में चुनाव प्रचार किया।

चुनाव प्रचार में मोदी सबसे ज्यादा सक्रिय नेता नजर आए और उन्होंने प्रदेश के कोटपुतली, चूरु एवं करौली आदि क्षेत्रों में जनसभाएं की वहीं दौसा में मेगा रोड़ शो किया। इसी तरह शाह ने 31 मार्च को सीकर में रोड शो किया इसके बाद 15 अप्रैल को जयपुर में पार्टी प्रत्याशी के समर्थन में रोड शो किया। इसी तरह राजनाथ ने बीकानेर सहित कुछ स्थानों पर जनसभाएं की। भजनलाल ने प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर कई जनसभाएं आयोजित की वहीं रोड शो भी किए। इसी तरह दिया कुमारी ने जनसभाए और रोड शो किए। जोशी तथा अन्य कई पार्टी नेताओं भी कई स्थानों पर जनसभाओं को संबोधित किया।

इसी प्रकार कांग्रेस उम्मीदवारों के समर्थन में श्री खड़गे और सोनियां गांधी एवं कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी ने जयपुर में जनसभा को संबोधित किया। इसी तरह राहुल गांधी ने बीकानेर जिले में जनसभा को संबोधित किया जबकि प्रियंका गांधी ने कई जगह जनसभाओं के अलावा रोड शो भी किया। इसी तरह गहलोत ने अपने पुत्र एवं जालोर-सिरोही लोकसभा क्षेत्र से पार्टी प्रत्याशी वैभव गहलोत के पक्ष में एवं अन्य जगहों पर पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में चुनावी सभाओं को संबोधित किया। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कई स्थानों पर पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में जनसभाओं को संबोधित किया। इसके अलावा पार्टी के अन्य कई नेताओं ने विभिन्न स्थानों पर जनसभाएं कर पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में चुनाव प्रचार किया।

इनके अलावा राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (रालोपा) के संयोजक जो खुद नागौर से इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार हैं उन्होंने अपने लोकसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार किया। इसके अलावा सीकर से इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के अमराराम के पक्ष में माकपा की नेता वृंदा करात ने जनसभा को संबोधित किया।

राजस्थान में प्रथम चरण के चुनाव के लिए चुनाव प्रचार का शोर थमा