योगी आदित्यनाथ ने किए अयोध्या में रामलला के दर्शन और की पूजा अर्चना

अयोध्या। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज प्रसिद्ध हनुमानगढ़ी मंदिर में जाकर मत्था टेकने के बाद श्रीरामजन्मभूमि पर विराजमान रामलला का दर्शन पूजन किया। इसके बाद उन्होंने भव्य राम मंदिर निर्माण का अवलोकन भी किया।

मुख्यमंत्री ने श्रीरामलला भवन व रामक्रतु स्तंभ का लोकार्पण करने के बाद उन्होंने कहा कि यह पल हम सबको प्रफुल्लित करने वाला है। जब श्रीरामजन्मभूमि पर रामलला सरकार के विराजमान होने से पूर्व लोकार्पण का कार्यक्रम संपन्न हुआ है। इस पवित्र स्थल पर नाम और नामी दोनों विराजमान हैं। हम सबने पवित्र रामचरित मानस ग्रंथ पढ़ा है।

उन्होंने कहा कलयुग केवल नाम अधारा, सुमिर सुमिर नर उतरहि पारा अर्थात कलयुग का अपना महत्व है। सौ गुना पुण्य नाम लिखने से है। यहां पर 28 करोड़ नाम रामकोट में संरक्षित किए गए हैं। इसका पुण्य हमें अनंतकाल तक ना केवल संमार्ग पर ले चलने की बल्कि हम सबके जीवन के समृद्धि के मार्ग पर अग्रसर करने की एक नई प्रेरणा प्रदान करेगा।

इस भव्य श्रीरामलला भवन व रामक्रतु स्तंभ का निर्माण प्रतिष्ठित श्री अशर्फी भवन द्वारा कराय गया जिसका मुख्यमंत्री ने विधि विधान पूर्वक वैदिक मंत्रोच्चार के बीच लोकार्पण किया। यहां पर नौ दिनों तक धार्मिक अनुष्ठान का कार्यक्रम चला। वेद मंत्रों से पूरा मंदिर प्रांगण गुंजायमान रहा। लोकार्पण कार्यक्रम जगद्गुरू रामानुजाचार्य स्वामी श्रीधराचार्य महाराज व दक्षिण से पधारे जगद्गुरु श्रीरामचंद्र जीयर स्वामी महाराज के कुशल सान्निध्य में संपन्न हुआ।

इससे पहले अशर्फी भवन पीठाधीश्वर जगद्गुरू रामानुजाचार्य स्वामी श्रीधराचार्य महाराज ने मुख्यमंत्री का अंगवस्त्र ओढ़ाकर स्वागत-सम्मान किया। उन्होंने कहा कि मोक्षपुरी अयोध्या मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम की पावन जन्मभूमि है। यहां श्रीरामनाम स्तूपम में 28 करोड़ भगवान के श्रीरामनाम लिखकर विराजमान किए गए हैं। जो भी रामकोट या रामक्रतु स्तंभ की परिक्रमा करेगा। वह आज इस करोड़ भगवान के नाम की परिक्रमा एवं उनके दर्शन का पुण्य भागी बनेगा। यहां नित्य पूजा, आराधना चल रही है। अयोध्या व भारत देश का मंगल, मानव मात्र के कल्याण हेतु यह बहुत बड़ा विशेष आयोजन हुआ है।

इस अवसर पर तेलंगाना के विधायक जनार्दन रेड्डी व उनके साथ पधारे भक्तगणों ने मुख्यमंत्री का माल्यार्पण कर उन्हें श्रीरामलला सरकार का चित्रपट भेंट किया। लोकार्पण अवसर पर अयोध्या विधायक वेदप्रकाश गुप्ता, रूदौली विधायक रामचंद्र यादव आदि मौजूद रहे।