राजस्थान की कांग्रेस सरकार ने भ्रष्टाचार के सभी पैरामीटर किए पार : सुधांशु त्रिवेदी

जयपुर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं सांसद सुधांषु त्रिवेदी ने राजस्थान की कांग्रेस सरकार पर भ्रष्टाचार के सभी पैरामीटर पार कर देने का आरोप लगाते हुए कहा है कि अब प्रदेश की जनता ने मन बना लिया है कि ऐसी सरकार को उखाड़ फेंकना है।

त्रिवेदी आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर यहां आयोजित भाजपा की प्रदेश स्तरीय मीडिया बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पांच साल तक कुर्सी की लड़ाई चलती रही और जनता पिसती रही। उसके बावजूद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत कहते हैं कि वह मुख्यमंत्री पद को छोड़ना चाहते है लेकिन कुर्सी उन्हें नहीं छोड़ती।

उन्होंने कहा कि सारा देश देख रहा था कि कांग्रेस का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने के लिए सारी कांग्रेस पार्टी गहलोत को मना रही थी लेकिन गहलोत कुर्सी से चिपके हुए थे। प्रदेश की जनता ने मन बना लिया है कि इस सरकार को उखाड़ फेंकना है।

उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि कांगेस सरकार की तुष्टीकरण, भ्रष्टाचार और सरकारी महकमों में लूट मचाने की नीति रही है। आज प्रदेश में कानून व्यवस्था की धज्जियां उड रही है, महिलाओं पर प्रदेश में लगातार अत्याचार बढ़ रहे हैं जबकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सुशासन और गरीब कल्याण के लिए निरंतर काम कर रहे हैं।

त्रिवेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री जो वादा करते हैं, उसे निभाते है लेकिन प्रदेश की गहलोत सरकार वादाखिलाफी में नम्बर वन है। आज देश में ट्रेंड चल रहा है मोदी मतलब काम होने की गारंटी। कांग्रेस सरकार सिर्फ चुनावी रेवड़िया बांटने का काम करती है और उन्हे प्रदेश के लोगों से कोई मतलब नहीं है। युवा, किसान और महिला इस सरकार में सबसे ज्यादा परेशान हुए है।

इस अवसर पर पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि राजस्थान में आज कानून व्यवस्था के हालात बदतर हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि मुफ्त घोषणाओं के नाम पर प्रदेश की जनता को मूर्ख बनाने के अलावा गहलोत सरकार ने प्रदेश को आर्थिक कंगाल बना दिया।

पूर्व राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी एंव विधायक श्रीकांत शर्मा ने राजस्थान में कांग्रेस को एकदम बैकफुट पर बताते हुए कहा कि कांग्रेस के पास चुनाव में जाने के लिए कोई मुद्दा ही नहीं है। राष्ट्रीय प्रवक्ता गोपाल कृष्ण अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश में जनकल्याण के कार्यों और आर्थिक प्रगति में देश को विश्व में पहचान दिलाई है।