कांग्रेस का राहुलयान गत 20 साल से नहीं हो पा रहा है लॉन्च : राजनाथ सिंह

रामदेवरा। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत मजबूत और ताकतवर बनता जा रहा है और देश में मंगलयान और चंद्रयान की सफल लॉचिंग और लैंडिंग हो रही वहीं कांग्रेस का ‘राहुल यान’ पिछले बीस साल से लांच नहीं हो पा रहा है।

सिंह सोमवार को जैसलमेर जिले के रामदेवरा में भारतीय जनता पार्टी की परिवर्तन संकल्प यात्रा के तीसरे रथ को रवाना करने के अवसर पर आयोजित जनसभा में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि आज भारत चंद्रमा और मंगल ग्रह तक पहुंच चुका है और पूरा देश आदित्य दल-1 की सफल लांचिंग हो चुकी है। इस बार भी चंद्रयान की लैंडिंग हो गई तब भी दबी आवाज में कांग्रेस ने सवाल उठाने की कोशिश की मगर जब देश का मूड देखा तो चुप्पी साध ली गई।

उन्होंने कहा कि जिस देश में मंगलयान और चंद्रयान की सफल लॉचिंग और लैंडिंग हो रही है, वहां कांग्रेस का ‘राहुल यान’ पिछले बीस साल से लांच हो नही पा रहा है। उन्होंने कहा कि दुनिया हैरान है कि हालीवुड की बड़ी-बड़ी फिल्मों से भी कम बजट में भारत ने मंगलयान और चंद्रयान मिशन पूरे कर लिए है। यह नए भारत की ताकत है, उसकी आवाज है, जो कहती है, जय जवान, जय किसान, जय विज्ञान और जय अनुसंधान।

सिंह ने कहा कि जिस धरती पर बाबा रामदेव जैसे अवतारी पुरूष ने समाधि ली, उस रामदेवरा की पवित्र भूमि पर आप लोगों के बीच उपस्थित होकर मुझ़े हर्ष की अनुभूति हो रही है। जैसलमेर का यह इलाका मेरे दिल में विशेष स्थान रखता हैं क्योंकि यह पूरा क्षेत्र केवल मरू भूमि नहीं है बल्कि यह वीर भूमि और तपोभूमि होने के साथ-साथ भारत की अणु भूमि भी है। यहीं पास में स्थित पोखरण की धरती, एक नहीं पांच-पांच परमाणु परीक्षणों की साक्षी है।

उन्होंने कहा कि इसी धरती पर 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान लोंगेवाला की लड़ाई भी लड़ी गई थी जिसमें भारत ने निर्णायक रूप से जीत हासिल की थी। उन्होंने कहा कि भारत की सेना, भारत के वैज्ञानिकों की क्षमताओं, प्रतिभा पर कभी किसी को संदेह नही रहा है। मैं मानता हूं कि 1998 में जो छलांग भारत ने परमाणु परीक्षण करके लगाई थी उसी तरह की लंबी छलांग गत 23 अगस्त को मिशन चंद्रयान-3 की सफलता के साथ भारत ने एक बार फिर लगा दी है।

सिंह ने कहा कि आज यहां राम देवरा से जो यात्रा निकल रही है वह इसी नए भारत का संदेश इस पूरे राजस्थान प्रदेश में लेकर जा रही है। यह यात्रा जहां नए भारत का संदेश लेकर जा रही है वहीं यह परिवर्तन का भी शंखनाद करने जा रही है। उन्होंने कहा कि पिछले नौ वर्षों में मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार ने जो काम किया है, जहां भारतवासी ही नहीं बल्कि दुनिया के बड़े-बड़े देश भी भारत को आशा, उम्मीद और हसरत भरी निगाहों से देख रहे हैं।

उन्होंने कहा कि दुनिया की बड़ी इन्वेस्टमेंट फर्में, सर्वे एजेन्सीज लगातार ऐसी रिपोर्ट प्रकाशित कर रही है जिनमें भारत को बड़ी सकारात्मक नजरिए से देख रहे है। अभी पिछले दिनों एक सर्वे रिपोर्ट आई है जिसमें 23 देशों के लगभग आधे नागरिकों ने भारत को बहुत उम्मीद भरी निगाह से देखा है।

उन्होंने कहा कि साल 2014 में हजारों की संख्या में ऐसे गांव थे जहां पर पक्की सड़क का अभाव था। आज 2023 में 99 प्रतिशत गांवों को पक्की सड़क से जोड़ दिया गया है। वर्ष 2014 के बाद से तीन लाख 60 हजार किलोमीटर सड़कें ग्रामीण इलाकों में बनाई गई है।

उन्होंने कहा कि वर्ष2014 में देश में केवल 70 ग्राम पंचायतें ऐसी थी जहां ब्राड बैंड की सुविधा थी। आज ढाई लाख से अधिक ग्राम पंचायतों में आप्टिकल फ़ाइबर के माध्यम से ब्राड बैंड पहुंच गया है।