कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री येदियुरप्पा पोक्सो मामले में सीआईडी के समक्ष हुए पेश

बेंगलूरु। कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा शुक्रवार को अपने खिलाफ पोक्सो अधिनियम मामले में आपराधिक जांच विभाग (सीआईडी) के समक्ष पेश हुए। पीड़िता की मां की शिकायत के आधार पर कर्नाटक क प्रमुख भाजपा नेता येदियुरप्पा पर 17 वर्षीय लड़की से छेड़छाड़ का आरोप लगाया गया है।

यह घटना कथित तौर रूप से दो फरवरी को हुई, जब लड़की और उसकी मां येदियुरप्पा के घर गई थी। शुरू में सदाशिवनगर पुलिस ने यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पोक्सो) अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज किया और बाद में जांच के लिए सीआईडी को सौंप दिया गया।

येदियुरप्पा ने अपने ऊपर लगे आरोपों से इनकार किया, हालांकि, सीआईडी ने अपनी जांच में महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं, जिसमें येदियुरप्पा को पूछताछ के लिए तलब करना और फोरेंसिक जांच के लिए उनकी आवाज के नमूने एकत्रित करना शामिल है।

आवाज के नमूने कथित रूप से महत्वपूर्ण सबूत हैं, विशेषकर तब जब शिकायतकर्ता ने कथित घटना के बाद येदियुरप्पा से मिलने का एक मोबाइल रिकॉर्ड वीडियो प्रदान किया है।