बारां। राजस्थान में बारां जिले के सारथल थाना क्षेत्र में रविवार रात में एक व्यक्ति ने कुल्हाड़ी से प्रहार कर पत्नी की हत्या कर दी।
पुलिस सूत्रों ने सोमवार काे बताया कि नारेड़ा गांव का धर्मराज लोधा शराब पीने का आदी था। उसने पत्नी लीला बाई की देर रात कुल्हाड़ी से हमला करके हत्या कर दी।
हमले के दौरान लीला बाई ने बचने के लिए चीख-पुकार भी की, लेकिन आरोपी नहीं रुका। महिला की चीखें सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। इसी दौरान गांव के एक व्यक्ति ने पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची उस समय आरोपी सिर पकड़कर शव के पास रोता हुआ मिला।
धर्मराज और लीला बाई के तीन बच्चे हैं। घटना के समय तीनों संतानें घर पर मौजूद नहीं थीं। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए राजकीय चिकित्सालय भिजवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव सोमवार को परिजनों को सौंप दिया गया।
बताया जा रहा है कि धर्मराज मानसिक रूप अस्वस्थ था। घटना के समय भी उसके शराब के नशे में होने की आशंका जताई जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार धर्मराज और उसकी पत्नी कुछ समय पहले तक जयपुर में मजदूरी करते थे। करीब एक महीने पहले ही दोनों अपने गांव बारां जिले के नारेड़ा लौटे थे और तब से यहीं रह रहे थे।



