जबलपुर महापौर जगत बहादुर सहित अन्य कांग्रेस नेता भाजपा में शामिल

भोपाल। मध्यप्रदेश के जबलपुर महापौर जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू’ सहित अन्य कांग्रेस नेताओं ने आज यहां भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली।

भाजपा के यहां स्थित प्रदेश कार्यालय में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा सहित भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में कांग्रेस के जबलपुर महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, डिण्डौरी जिला पंचायत अध्यक्ष रूदेश परस्ते, उपाध्यक्ष अंजू ब्यौहार, सिंगरौली जिला पंचायत उपाध्यक्ष अर्चना सिंह, डिण्डौरी के पूर्व जिला अध्यक्ष बीरेन्द्र बिहारी शुक्ला, जिला पंचायत सदस्य, पार्षद, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष, जनपद सदस्य, पूर्व जनपद सदस्य, यूथ कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष, ब्लॉक प्रभारी सहित समाज सेवियों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

मुख्यमंत्री डॉ यादव ने इस मौके पर कहा कि आज भाजपा परिवार की सदस्यता ग्रहण करने वाले सभी साथियों का हृदय से स्वागत करते हैं। आप सभी को इस परिवार में उचित मान, सम्मान मिलेगा, वैचारिक अभिव्यक्ति के साथ रचनात्मक कार्यों के लिए एक बड़ा आकाश मिलेगा। आप और हम मिलकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करेंगे।

उन्होंने कहा कि भाजपा का परिवार बड़ा हो रहा है और पार्टी में शामिल होने के लिए वेटिंग चल रही है। आज जिन्होंने पार्टी की सदस्यता ली वह कांग्रेस से परेशान हो चुके थे, क्योंकि कांग्रेस में परिवार आगे बढ़ता है और भाजपा में सामूहिक नेतृत्व के कारण मेरे जैसे छोटे कार्यकर्ता को भी सम्मान मिलता है। यह सब प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विकास के विजन में शामिल होकर अपने-अपने क्षेत्रों का विकास करना चाहते हैं। वे सभी को विश्वास दिलाते हैं कि पार्टी में सभी को सम्मान के साथ काम करने का मौका मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज भाजपा का देश हित के लिए जीतना जरूरी है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि महाकौशल कांग्रेस मुक्त हो रहा है और अब कांग्रेस के मन में भी मोदी हैं। प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों से प्रभावित होकर और मुख्यमंत्री डॉ यादव के नेतृत्व में आज जबलपुर से लेकर डिंडौरी तक के नेताओं ने पार्टी का दामन थामा हैं। वे सभी का पार्टी में स्वागत कर आश्वासन देते हैं कि सभी को पार्टी में सम्मान के साथ काम करने का अवसर मिलेगा, ताकि महाकौशल का विकास तेज रफ्तार से हो सके।

शर्मा ने कहा कि इस बार मिलकर प्रदेश की सभी 29 लोकसभा सीटें जीतेंगे और सबसे ज्यादा वोट प्रतिशत प्राप्त कर देश भर में इतिहास बनाकर प्रदेश को स्वर्णिम मध्यप्रदेश बनाएंगे। जबलपुर महापौर जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू’ ने कहा कि कांग्रेस ने जिस दिन भगवान राम मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा में जाने का प्रस्ताव ठुकराया उस दिन से आहत हुआ। वे प्रधानमंत्री मोदी कि विकास की नीतियों और डबल इंजन की सरकार के साथ मिलकर जबलपुर को महानगर के तौर पर विकसित करेंगे।

इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री व विधायक भगवानदास सबनानी, प्रदेश कार्यालय मंत्री डॉ राघवेंद्र शर्मा, प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल, सांसद गजेंद्र सिंह पटेल, सह मीडिया प्रभारी जुगलकिशोर शर्मा, विधायक रमेश मेंदोला, अभिलाष पाण्डे, डिंडौरी जिलाध्यक्ष अवधराज बिलैया, अजजा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष पंकज टेकाम, प्रदेश प्रवक्ता यशपाल सिंह सिसोदिया, डॉ सनवर पटेल, नरेन्द्र सलूजा, मिलन भार्गव सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।