राजस्थान ने तीसरी बार मोदी के नेतृत्व को चुनने की दिशा में बढ़ाया कदम : सीपी जोशी

जयपुर। राजस्थान के भारतीय जनता पार्टी प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने प्रदेश में शुक्रवार को लोकसभा चुनाव का प्रथम चरण शांतिपूर्ण संपन्न होने पर मतदाताओं का आभार जताते हुए कहा है कि लोकतंत्र में जनता ही मालिक है और आज मालिक ने सेवक चुनने का अपना निर्णय दे दिया है और राजस्थान तीसरी बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व को चुनने की दिशा में आगे बढ़ा है।

जोशी ने प्रथम चरण का चुनाव संपन्न होने के बाद यह बात कही। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता ने जिस उत्साह से मतदान किया है, उससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि प्रदेश की सभी 25 सीटों पर कमल खिलेगा। यह प्रदेश की जनता का मोदी पर विश्वास और विकसित भारत के सपने का साकार करने की दिशा में बढ़ाया गया पहला कदम साबित होगा। आज लोकतंत्र के अनुष्ठान में जिस प्रकार आमजन ने आगे आकर बड़ी संख्या में मतदान किया है, उसके लिए प्रदेश की जनता का आभार।

उन्होंने कहा कि आज राजस्थान में 12 लोकसभा सीटों पर संपन्न हुए इस लोकतंत्र के महायज्ञ में प्रदेश की जनता ने अपने अमूल्य वोट की आहुति प्रदान दी। ऐसे में भाजपा प्रदेश के मतदाताओं का अभिनंदन करती है।

जोशी ने कहा कि चार जून को लोकसभा चुनावों के परिणाम आने के बाद एक बार फिर से देशभर में बड़ा जश्न मनाया जाएगा। लोकसभा चुनावों के प्रथम चरण की 12 लोकसभा सीटों पर आमजन ने जिस प्रकार शांतिपूर्ण मतदान कर भाजपा के प्रत्याशियों को समर्थन दिया है उसी तरह दूसरे चरण की 13 लोकसभा सीटों पर भी भारी संख्या में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में मतदान होगा।

प्रदेश की जनता ने लगातार तीसरी बार 25 की 25 सीटों पर कमल खिलाने का मानस बना लिया है और मतदाताओं का यह मन लोकसभा चुनावों के प्रथम चरण में साफ देखने को मिला। प्रदेश की जनता इस गर्मी में भी घरों से बाहर निकल कर आई और मतदान केन्द्रों पर लंबी लाइनों के बावजूद अपने मतदान के उत्साह को कम नहीं होने दिया।

राजस्थान में प्रथम चरण में 56 प्रतिशत से अधिक मतदान