अयोध्या में विश्व हिन्दू परिषद मुख्यालय रामसेवकपुरम् में भीषण आग

अयोध्या। अयोध्या में विश्व हिन्दू परिषद मुख्यालय कारसेवकपुरम् के बगल रामसेवकपुरम् में भीषण आग लग जाने से लाखों की सम्पत्ति जलकर राख हो गई।

विश्व हिन्दू परिषद के मीडिया प्रभारी शरद शर्मा ने गुरुवार को बताया कि रामसेवकपुरम् अयोध्या धाम में दोपहर के समय भीषण आग लग जाने से 20 से 25 लाख रुपए की सम्पत्ति जलकर राख हो गई। आग लगने के बाद फायर ब्रिगेड को तत्काल सूचना दी गई, मगर आग से हुए नुकसान को नहीं बचाया जा सका।

उन्होंने बताया कि रामसेवकपुरम् में चार-पांच घर बने हुए हैं जो श्रमिक और मूर्तिकार भी हैं। उसमें करीब 60-70 लोग रहते हैं। जिस समय आग लगी है, यह लोग श्रीरामजन्मभूमि पर बन रहे भव्य व दिव्य मंदिर में काम करने गए थे। इसी जगह पर रामलला से सम्बन्धित मूर्तियों का निर्माण हुआ था। भगवान के जीवन की समस्त मूर्ति यहीं पर बनाई गई है। शिलान्यास के लिए रखे गए पत्थर भी यहीं रखे गए थे। उन्होंने बताया कि इस भीषण आग को बड़ी मशक्कत के बाद काबू में पाया गया। चार-पांच घर जलकर राख हो गए।

शर्मा ने बताया कि समय से फायर ब्रिगेड के न पहुंचने पर विश्व हिन्दू परिषद व श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के कार्यकर्ताओं ने बड़ी मेहनत करके आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक लाखों रुपए की क्षति हो चुकी थी। आग लगने का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं बताया है। विश्व हिन्दू परिषद के प्रांतीय मीडिया प्रभारी ने फायर ब्रिगेड प्रशासन की लापरवाही बताई है और नाराजगी भी व्यक्त की है।