मंत्री सुरेश सिंह रावत जल संसाधन सूचना पोर्टल का करेंगे लोकार्पण

जयपुर। राजस्थान के जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत शुक्रवार को राज्य जल संसाधन प्रणाली डैशबोर्ड का लोकार्पण करेंगे। यह पोर्टल भारत सरकार की राष्ट्रीय जल विज्ञान परियोजना (एनएचपी) के अंतर्गत जल संसाधन एवं भूजल विभाग राजस्थान द्वारा निर्मित किया गया है।

रावत ने बताया कि इस पोर्टल का उद्देश्य देश-प्रदेश के जल संसाधनों का सतत एवं बेहतर प्रबंधन करना है। जल संसाधन सूचना पोर्टल द्वारा जल संसाधन सम्बंधित आंकड़ों को पब्लिक डोमेन में उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसकी सहायता से कृषकों को पानी की उपलब्धता की सही जानकारी समय पर मिल पाएगी, जिससे वे सही समय पर उचित निर्णय ले पाएंगे।

उन्होंने कहा कि उक्त प्रणाली से विभिन्न बांधों, भूजल, तापमान, वर्षा, जल भराव आदि का रियल टाइम डेटा उपलब्ध होगा एवं पुराने रिकॉर्ड भी कुछ समय बाद पोर्टल पर उपलब्ध होंगे।