भीलवाड़ा। राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के करेडा में नायब तहसीलदार के पद पर पदस्थ कंचन सिंह चौहान को एपीओ (आदेश की प्रतीक्षा में) किया गया है।
राजस्व मंडल ने मंगलवार शाम को प्रशासनिक कारणों का हवाला देते हुए यह आदेश जारी किया। इसके बाद चौहान अपनी उपस्थिति राजस्व मंडल अजमेर में दर्ज कराएंगी। चौहान के एपीओ करने का कारण फिलहाल प्रशासनिक बताया गया है।
ब्यावर के भाजपा विधायक शंकर सिंह रावत की बेटी कंचन चौहान आरएएस-2018 बैच की अधिकारी हैं। उनके चयन के बाद उन पर गंभीर आरोप लगे थे कि उन्होंने फर्जी दिव्यांग प्रमाण पत्र के आधार पर नियुक्ति पाई। शिकायतकर्ता ने इस मामले की शिकायत मुख्यमंत्री और विशेष ऑपरेशन समूह (एओजी) से की थी। राज्य सरकार ने जांच एसओजी को सौंपी थी, फिलहाल एसओजी ने अपनी रिपोर्ट राजस्व मंडल को नहीं भेजी है।
शिकायत के बाद राजस्व मंडल ने पिछले पांच वर्षों में दिव्यांग प्रमाण पत्र के आधार पर नियुक्ति पाने वाले सभी अभ्यर्थियों की पुनः जांच करवाई। इसमें कुछ अभ्यर्थियों के दस्तावेज फर्जी पाए गए थे।



