Home India City News जनाधार खिसकने से छटापटा रहे केजरीवाल

जनाधार खिसकने से छटापटा रहे केजरीवाल

0
kejriwal
bjp buying fake votes to defeat aap says kejriwal

नई दिल्ली। बीजेपी ने आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आरोपों को पूरी तरह नकारते हुए कहा कि आप नेता दिल्ली में अपना जनाधार खिसकने से हताश और परेशान है इसलिए अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं। भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सतीश उपाध्याय ने केजरीवाल के भाजपा पर मतदाता सूची में फर्जी नाम जुड़वाने के आरोपों पर कहा कि यह बेबुनियाद और पूरी तरह निराधार हैं।…

उन्होंने कहा कि सच्चाई तो यह है कि केजरीवाल से अपनी पार्टी संभल नहीं रही है और वह अपने खिसकते जनाधार को बचाने के प्रयास और सोशल मीडिया में चर्चा में बने रहने के लिए ऎसे अनर्गल आरोप लगा रहे हैं। उपाध्याय ने कहा कि केजरीवाल शुरू से ही दिल्ली की जनता को गुमराह करते आए हैं। सोशल मीडिया में बने रहने की उनकी फितरत है और इसलिए वह ऎसी शोशेबाजी करते रहते हैं।

उन्होंने कहा कि नई दिल्ली विधानसभा से चुनाव जीतने के बाद वह अपने क्षेत्र में नजर नहीं आए और यहां की जनता दिक्कतों का सामना कर रही है। नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन केजरीवाल को ढूंढ रही हैं और वह संपर्क करने से कतराते फिरते हैं। उपाध्याय ने कहा कि केजरीवाल केवल आरोप लगाने में माहिर हैं। उनके पास यदि साक्ष्य हैं तो वह सामने लाएं और यह कह देना कि भाजपा नेता ने उन्हें बताया है, से कुछ नहीं होगा। अब जनता उनके ऎसे बयानों से गुमराह होने वाली नहीं है।

उन्होंने कहा कि आप के विधायक केजरीवाल की कार्यशैली को लेकर परेशान है और हाल ही में रोहिणी से विधायक राजेश गर्ग ने ही कहा था कि पार्टी में भ्रष्ट और अमीरों को तवज्जो दी जा रही है। उपाध्याय ने कहा कि केजरीवाल को यह बताना चाहिए कि भाजपा ने कितने हजार फर्जी वोट बनवाए हैं और इस संबंध में जो भी सबूत हैं, वह जनता के सामने लाएं। केवल अनर्गल आरोप लगा से जनता अब गुमराह होने वाली नहीं है।

गौरतलब है कि केजरीवाल ने आरोप लगाया है कि भाजपा दिल्ली में मतदाता सूची में उनके समर्थक वोटरों के नाम कटवाने और फर्जी नाम जुड़वाने के लिए पैसे देने का लालच दे रही है। वह सोमवार को इसकी शिकायत चुनाव आयोग से करने की भी बात कर रहे हैं। केजरीवाल ने टि्वट कर आरोप लगाया कि भाजपा ने एक फर्जी वोट के लिए 1500 रूपए का वादा किया है। उन्होंने कहा कि यही नहीं, भाजपा ने यह भी वादा किया है कि मतदाता सूची में से ऎसे किसी वोट को जो आप पार्टी का माना जाता है, हटवाने पर 200 रूपए दिए जाएंगे।

उनका कहना है कि यह जानकारी उन्हें भाजपा के ही एक नेता ने दी है जिसने पार्टी के लिए यह कार्य किया है। उसके मुताबिक भाजपा के एक बड़े नेता ने दिल्ली भाजपा के विधायकों को प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में कम से कम 5000 फर्जी वोट मतदाता सूची में जुड़वाने के लिए कहा है। इसके अलावा विधायकों से आप समर्थकों के वोट कटवाने के लिए भी कहा गया है।

केजरीवाल ने कहा कि वह सोमवार को चुनाव आयोग के अधिकारियों से इस संबंध में मिलकर अपनी शिकायत दर्ज कराएंगे। हरियाणा और महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव में अच्छी सफलता मिलने के बाद ऎसी संभावनाएं व्यक्त की जा रही है कि दिल्ली में भी अब अगले कुछ माह के दौरान चुनाव हो सकते हैं।

पहले कई बार ऎसी अटकलें लगीं कि भाजपा अन्य पार्टियों के विधायकों के समर्थन से दिल्ली में सरकार बनाने के लिए जोड़ तोड़ कर सकती है, किंतु हरियाणा और महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव परिणामों के बाद भाजपा नेता काफी उत्साहित हैं और वह उम्मीद कर रहे हैं कि दिल्ली में भी चुनाव होता है तो पार्टी को जीत मिलेगी और वह सरकार बना सकेगी।

पिछले साल दिल्ली विधानसभा चुनाव में किसी पार्टी को बहुमत नहीं मिला था। हालांकि भाजपा 31 सीटें जीतकर सबसे बडे दल के रूप में उभरी थी किंतु आप ने कांग्रेस के आठ विधायकों के समर्थन से सरकार बना ली। इस वर्ष चौदह फरवरी को केजरीवाल सरकार ने इस्तीफा दे दिया था और तब से विधानसभा निलंबित है। आप ने पिछले साल हुए विधानसभा चुनाव में 70 में से 28 सीटें जीती थीं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here