Home Rajasthan Ajmer 6 निगमों में से 5 में भाजपा का बोर्ड बनना तय

6 निगमों में से 5 में भाजपा का बोर्ड बनना तय

0
bjp wins 31of 46 civic bodies in rajasthan
bjp wins 31of 46 civic bodies in rajasthan

जयपुर। राजस्थान में छह नगर निगमों के हुए चुनावों मं सत्तारूढ भारतीय जनता पार्टी का पांच नगर निगमों में बोर्ड बनना तय हो गया है। चुनाव परिणामों के अनुसार भाजपा को भरतपुर नगर निगम में बोर्ड बनाने लायक स्पष्ट बहुमत नहीं मिल पाया है।



50 वार्डो वाले इस निगम में भाजपा ने 18 सीटें ही जीती है जबकि 20 निर्दलीय उम्मीदवारों ने बाजी मारी है। यह अलग बात है कि यहां भी भाजपा निर्दलीयों की मदद से बोर्ड बनानेे में सफल हो जाए। कांग्रेस को 11 तथा बहुजन समाज पार्टी को एक सीट मिली है।

इसके अलावा बीकानेर नगर निगम में भाजपा को 60 वार्डो में से 35 में जीत मिल चुकी है तथा कांग्रेस को 16 एवं निर्दलीय 9 सीटों पर जीत दर्ज की है।

इसी प्रकार उदयपुर निगम में भाजपा ने 55 वार्डो में से 49 में विजय प्राप्त की है जबकि कांग्रेस तीन, निर्दलीय दो तथा एक सीट कम्युनिस्ट पार्टी को प्राप्त हुई है। कोटा, जयपुर और जोधपुर नगर निगमों में भी बोर्ड बनाने लायक बहुमत हासिल हो चुका है।

झुंझुनूं में निर्दलीय की मदद से बनेगा बोर्ड

झुंझुनूं। झुंझुनूं नगर परिषद के चुनाव मेंं बोर्ड पर किसका कब्जा होगा इस बात का फै सला निर्दलीयों के हाथों में होगा। झुंझुनूं नगर परिषद के कुल 45 वार्डो में भाजपा को 16 वार्डो में कांग्रेस को 15 वार्डो में एवं निर्दलीयों को 14 वार्डो में जीत हासिल हुई है। इस तरह से बहुमत के लिए 23 पार्षदों के आंकडे को छूने के लिए भाजपा एवं कांग्रेस को निर्दलीय पार्षदों का सहयोग लेना जरूरी हो गया है। कांग्रेस के निवर्तमान सभापति खालिद हुसैन, निवर्तमान उपसभापति बिमला बेनीवाल, पूर्व चैयरमेन तैयब अली, पूर्व पालिका उपाध्यक्ष पवन पुजारी के पुत्र जयप्रकाश सहित कई वरिष्ठ नेता चुनाव हार चुके हैं। भाजपा के पूर्व चैयरमेन रहे रमेश टीबडा के पुत्र आशीष टीबडा भी चुनाव हार चुके है। झुंझुनू नगर परिषद में सभापति का पद अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित होने से इस बार यहां से जाट वर्ग का सभापति बनना तय माना जा रहा है। वहीं पिलानी नगर पालिका की वर्तमान चैयरमेन विद्यादेवी चुनाव हार गई है।

भरतपुर में पहली बार किसी को नहीं बहुमत
भरतपुर। राजस्थान में भरतपुर नगर निगम के पहली बार हुए चुनाव में किसी पार्टी को बहुमत हासिल नहीं हुआ हैं। निर्वाचन विभाग के अनुसार निगम के पचास वार्डो के चुनाव में सर्वाधिक 20 स्थानों पर निर्दलीय प्रत्याशियों ने बाजी मारी हैं जबकि सत्तारूढ भारतीय जनता पार्टी ने 18 तथा कांग्रेस ने 11 सीटें हासिल की हैं। निगम चुनाव में एक सीट बहुजन समाज पार्टी के खाते में भी गई हैं।

उदयपुर में लगातार 5वीं बार बीजेपी का बोर्ड
उदयपु। राजस्थान में उदयपुर नगर निगम के चुनावों में सत्तारूढ बीजेपी ने लगातार पांचवीं बार बोर्ड बनाने में सफल रही। इस चुनाव में प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस को बुरी तरह पराजय का सामना करना पड़ा है और उसके केवल तीन प्रत्याशी ही जीत पाए हैं। पचपन वार्डो वाली नगर निगम में भाजपा ने ऎतिहासिक 49 सीटोंं पर कब्जा किया। निगम की एक सीट पर मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के सदस्य राजेन्द्र वसीटा जीते हैं,जबकि दो सीटों पर निर्दलीय प्रत्याशियों ने बाजी मारी हैं। गौरतलब है कि राज्य के गृहमंत्री गुलाबचंद कटारिया के लिए प्रतिष्ठा वाली उदयपुर नगर निगम पर भाजपा के लगातार पांचवींं बार बोर्ड बनाने से कटारिया की प्रतिष्ठा में वृदि्ध हुई हैं।

बीकानेर नगर निगम में भाजपा ने बनाया बोर्ड
बीकानेर। राजस्थान के बीकानेर नगर निगम के चुनाव में सत्तारूढ भाजपा ने कांग्रेस को कड़ी शिकस्त देकर अपना बोर्ड बनाया हैं। निर्वाचन विभाग के अनुसार निगम के 60 वार्डो के चुनाव में भाजपा ने सर्वाधिक 35 सीटे हासिल की हैं जबकि कांग्रेस को केवल 16 सीटों पर ही संतोष करना पड़ा हैं। इसके अलावा नौ निर्दलीय प्रत्याशी विजयी रहे हैं। उल्लेखनीय है कि बीकानेर नगर निगम में भाजपा का ही बोर्ड था लेकिन अशोक गहलोत सरकार के समय महापौर का चुनाव सीधा जनता द्वारा किए जाने पर यहां मेयर कांग्रेस का चुना गया था।

चुरू में कांग्रेस को झटका, बनेगा बीजेपी का बोर्ड
चूरू। राजस्थान के चुरू नगर पालिका के चुनाव में सत्तारूढ भारतीय जनता पार्टी ने अपना बोर्ड बनाया हैं। निर्वाचन विभाग के अनुसार चुरू नगर पालिका के कुल 45 वार्डो के चुनाव परिणाम में भाजपा ने 30 सीटों पर जीत दर्ज की है जबकि उसकी प्रमुख विपक्षी पार्टी कांग्रेस के केवल ग्यारह पार्षद ही जीत पाए हैं। इस चुनाव में चार निर्दलीय प्रत्याशी विजयी रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि भाजपा ने चुरू नगर पालिका बोर्ड कांग्रेस से छीना हैं। इसी तरह राजगढ-सादुलपुर नगर पालिका के कुल तीस वार्डो के चुनाव में भी भाजपा ने बाजी मारी है जहां भाजपा के 12 पार्षद विजयी रहे हैं। इस चुनाव में दस निर्दलीय प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है जबकि कांग्रेस को पांच सीटे मिली हैं। इसके अलावा बोर्ड में सत्तारूढ बहुजन समाज पार्टी को तीन सीटों पर ही संतोष करना पड़ा हैं।

सीकर नगरपालिका में कांग्रेस का बोर्ड

सीकर। राजस्थान में सीकर नगर परिषद के चुनाव में प्रमुख विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने अपना बोर्ड बनाया है। निर्वाचन विभाग के अनुसार सीकर नगर परिषद के कुल 50 वार्डो के चुनाव परिणाम में कांग्रेस ने 27 सीटों पर जीत दर्ज की है जबकि सत्तारूढ भारतीय जनता पार्टी को 17 स्थानों पर संतोष करना पड़ा हैं। इसके अलावा इस चुनाव में छह निर्दलीयों ने भी बाजी मारी हैं।

इसी तरह सीकर जिले की नीमकाथाना नगरपालिका चुनाव में भी कांग्रेस ने बाजी मारी और यहां पर उसका बोर्ड बना हैं। नीमकाथाना में कांग्रेस के पन्द्रह उम्मीदवार विजयी रहे हैं जबकि सत्तारूढ भाजपा को नौ सीटों पर संतोष करना पड़ा हैं। इस चुनाव में एक निर्दलीय प्रत्याशी भी विजयी रहा।