Home India City News पहाड़ों पर बर्फबारी के बाद मैदानी इलाकों में ठंड ने दिखाया असर

पहाड़ों पर बर्फबारी के बाद मैदानी इलाकों में ठंड ने दिखाया असर

0
पहाड़ों पर बर्फबारी के बाद मैदानी इलाकों में ठंड ने दिखाया असर
deep freeze in north india, fog affects flights and trains
deep freeze in north india, fog affects flights and trains
deep freeze in north india, fog affects flights and trains

नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली और एनसीआर समेत समूचा उत्तर भारत कोहरे और ठंड की गिरफ्त में है। कोहरे के चलते दृश्यता कम होने से ट्रेनों और विमानों की आवाजाही पर खराब असर पड़ा है।

जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने से मैदानी इलाकों के न्यूनतम तापमान में गिरावट आई है।

दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश सहित उत्तर भारत के तमाम इलाकों में कमोबेश इसी तरह के हालात है। दिल्ली के अलावा सोनीपत, गाजियाबाद, फरीदाबाद और नोएडा में भी कोहरे से बुरा हाल है।

राजधानी दिल्ली-नोएडा, दिल्ली-आगरा यमुना एक्सप्रेस वे और दिल्ली-गुड़गांव एक्सप्रेस-वे पर रात में और सुबह तक धुंध की वजह से यातायात काफी धीमा रहा। हालांकि दिल्ली-एनसीआर इलाके में सूर्योदय के बाद धुंध छंट गई और चमकदार धूप होने के आसार बन गए हैं।

रूट डायवर्जन और कोहरा बढ़ने से ट्रेनों का शेड्यूल बिगड़ गया है। राजधानी समेत दिल्ली आने वाली तीन दर्जन से अधिक ट्रेने देरी से चल रही हैं। तीन राजधानी और 14 मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों को रिशेड्यूल किया गया है।

मिली जानकारी के मुताबिक कोहरे के चलते दृश्यता कम होने के कारण दिल्ली एयरपोर्ट आने वाली 6 अंतर्राष्ट्रीय उड़ानें विलम्बित हुईं। दिल्ली आने वाली एक और यहां से जाने वाली चार घरेलू उड़ानों में विलम्ब हुआ।

मौसम विभाग का कहना है कि पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में नजर आ रहा है जिससे कोहरा और ठंड बढ़ रही है। आने वाले दिनों में पहाड़ों पर बर्फ बढ़ेगी तो मैदानी इलाकों में ठंड भी बढ़ेगी।

मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार की सुबह दिल्ली का न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ है। मौसम विभाग का कहना है कि आज दिल्ली का उच्चतम तापमान 21°C और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेंग्रे. रहने की संभावना है।

उत्तर प्रदेश में लखनऊ और आसपास के जिलों में घना कोहरा है। राज्य के कई इलाकों में कड़ाके की ठण्ड के चलते जनजीवन बुरी तरह से अस्तव्यस्त है।

सूबे से गुजरने वाली दर्ज़नों ट्रेनें घंटों देरी से चल रही हैं। ठंड और कोहरे के कारण सूबे के विभिन्न इलाकों में सड़क परिवहन भी बुरी तरह से प्रभावित हुआ है।