Home India सरकार संघ दक्ष, कर्तव्य दक्ष नहीं : अशोक चव्हाण

सरकार संघ दक्ष, कर्तव्य दक्ष नहीं : अशोक चव्हाण

0
सरकार संघ दक्ष, कर्तव्य दक्ष नहीं : अशोक चव्हाण
former maharashtra cm Ashok Chavan
former maharashtra cm Ashok Chavan
former maharashtra cm Ashok Chavan

मुंबई। पुणे में अभी हॉल ही में हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शिविर के लिए सरकार ने जिस तत्परता से सुविधाएं मुहैया कराई, उसी तत्परता से किसानों, आम लोगों की समस्याओं को दूर करती वह दिखाई नहीं दे रही है। यह सरकार संघ दक्ष है, कर्तव्य दक्ष नहीं है। फडऩवीस सरकार पर इस तरह की कड़ी टिप्पणी महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अशोक चव्हाण ने की।

शनिवार को महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस समिति की तरफ से तिलक भवन में विधानपरिषद चुनाव में नवनिर्वाचित विधायक अमरीश पटेल, भाई जगताप और सतेज पाटिल का सम्मान समारोह आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए अशोक चव्हाण ने यह टिप्पणी की।

इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष माणिकराव ठाकरे, सांसद हुसैन दलवाई, पूर्व मंत्री हर्षवर्धन पाटिल, विधानपरिषद में कांग्रेस के गट नेता शरद रणपिसे, युवक कांग्रेस के अध्यक्ष विश्वजीत कदम आदि उपस्थित थे।

तीनों नवनिर्वाचित विधायकों का स्वागत करते हुए चव्हाण ने कहा कि इस जीत से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जोश भर गया है। बिहार, मध्यप्रदेश और गुजरात जैसे विभिन्न राज्यों में हुए चुनाव भाजपा के लिए प्रतिकूल रहे। भाजपा ने जनता को जो आश्वासन दिए थे, उनके पूरा नहीं होने से जनता में भाजपा विरोधी वातावरण है। इस वातावरण का लाभ लेने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को लोगों के बीच जाकर सरकार की वस्तुस्थिति आम लोगों के सामने लानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि यह सरकार सिर्फ दिखावे की सरकार है। अभी हॉल ही में केंद्र ने किसानों की मदद के लिए तीन हजार करोड़ का पैकेज जाहिर किया है। यह मदद बेहद कम है। इसे देने में बेहद विलंब किया गया, जबकि सरकार की तरफ इसे अभूतपूर्व मदद बताकर गप्प हांकी जा रही है।

चव्हाण ने कहा कि वर्ष 2008 में केंद्र की यूपीए सरकार ने राज्यों के लिए 72 हजार करोड़ का पैकेज घोषित किया था, इसमें से 15 हजार करोड़ रुपए की मदद महाराष्ट्र के किसानों के लिए घोषित की गई थी। कांग्रेस सरकार ने महाराष्ट्र के किसानों के लिए 21 हजार करोड़ रुपए का पैकेज घोषित किया था, लेकिन इसे लेकर हल्ला नहीं मचाया गया, लेकिन भाजपा सरकार तीन हजार करोड़ रुपए का पैकेज जाहिर कर खुद की पीठ थपथपा रही है।

पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने इस अवसर पर कहा कि कांग्रेस ने किसानों और समाज के सभी तबकों के सवाल उठाए, अनेक घोटाले समाने लाए गए, लेकिन बहुमत का प्रयोग कर सरकार ने विरोधियों की आवाज दबा दी। दाल घोटाले पर सरकार ने उत्तर नहीं दिया, परंतु कांग्रेस पार्टी आक्रामक रूख अपनाकर सरकार के खिलाफ संघर्ष करती रहेगी। सत्कार समारोह को पूर्व प्रदेश अध्यक्ष माणिकराव ठाकरे, तीनों नवनिर्वाचित विधायक अमरीश पटेल, भाई जगताप और सतेज पाटिल ने भी संबोधित किया।