Home Breaking JNU में लेफ्ट ने जीतीं चारों सीटें, गीता कुमारी बनीं अध्यक्ष

JNU में लेफ्ट ने जीतीं चारों सीटें, गीता कुमारी बनीं अध्यक्ष

0
JNU में लेफ्ट ने जीतीं चारों सीटें, गीता कुमारी बनीं अध्यक्ष

नई दिल्ली। दिल्ली के JNU छात्रसंघ चुनाव में हरियाण की रहने वाली छात्रा गीता कुमारी अध्यक्ष पद पर जीती हैं। गीता इतिहास से एमफिल कर रही हैं।

आइसा, एसएफआई और डीएसएफ के संयुक्त गठबंधन लेफ्ट यूनिटी की संयुक्त उम्मीदवार गीता कुमारी ने 1506 वोट लेकर एबीवीपी की निधि त्रिपाठी (1042) को हराया। पिछले चुनाव में भी अध्यक्ष सीट पर आइसा का कब्जा था। इस बार भी आइसा उम्मीदवार थीं।

गीता के पिता सेना के ऑर्डिनेंस विभाग में जेसीओ है। गीता कुमारी के साथ जीतने वाले तीन अन्य उम्मीदवार भी लेफ्ट से हैं। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रत्याशियों ने भी अध्यक्ष पद समेत सेंट्रल पैनल के सारे सीटों पर युनाइटेड लेफ्ट को कड़ी टक्कर दी।

शनिवार रात साढ़े नौ बजे शुरू हुई मतगणना के बाद देर रात आए चुनाव परिणाम आते ही पूरा जेएनयू कैंपस नारों से गूंज उठा। सेंट्रल पैनल की चारों सीट पर लेफ्ट यूनिटी ने कब्जा किया। लेफ्ट यूनिटी की ओर से सिमोन जोया खान ने उपाध्यक्ष, दुग्गिराला श्रीकृष्ण ने महासचिव तो शुभांशु सिंह ने संयुक्त सचिव पद पर जीत हासिल की।

जीत के बाद गीता कुमारी ने कहा कि मैं इस जश्न के मौके का श्रेय जेएनयू के उन छात्रों को देती हूं जो मानते हैं कि यह इस जैसी लोकतांत्रिक जगह को बचाए रखने की जरूरत है। मैंने प्रचार में जेएनयू की सीटों में कटौती, नजीब की गुमशुदगी, नए हॉस्टल और प्रवेश प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों को उठाया था।

उपाध्यक्ष के लिए सिमोन जोया खान ने 1876 वोट हासिल कर एबीवीपी के दुर्गेश (1028) को हराया। वहीं महासचिव पद पर दुग्गिराला श्रीकृष्ण ने 2082 वोट लेकर एबीवीपी के निकुंज मकवाना (975) को और संयुक्त सचिव के लिए शुभांशु सिंह ने 1755 वोट हासिल कर एबीवीपी के पंकज केसरी (920) को मात दी।

एनयूएसयू चुनाव समिति के अनुसार कुल 7,903 मतदाताओं में से 4,639 ने वोट डाला और इस तरह 58.69 प्रतिशत मतदान हुआ। बीते साल 59.60 प्रतिशत मतदान हुआ था। छात्र संघ के अध्यक्ष पद के लिए सात उम्मीदवार चुनावी मैदान थे।