
जोधपुर। भारत पाक की पश्चिमी क्षेत्र में प्रदेश से जुड़ी सीमावर्ती क्षेत्र में गांवों में पानी की सप्लाई के लिये बनी पानी की टंकियो में कीटनाशक मिलाने की संभावना को देखते हुए जलदाय विभाग ने बाड़मेर के सीमावर्ती इलाके में हाई अलर्ट जारी किया है।

नई दिल्ली। विदेश मंत्रालय ने यमन में 13 भारतीयों के जिन्दा होने की पुष्टि की है । साथ ही लापता सात भारतीय नागरिकों की तलाश किये जाने का दावा किया है ।

इटानगर। अरुणाचल प्रदेश के अपर सियांग जिला के गेकू स्थित लिटुंग लिमांग निजी स्कूल में पढ़ने वाली सात वर्षीय एक लड़की के साथ उसी स्कूल के एक शिक्षक पर दुष्कर्म करने का मामला प्रकाश में आया है।

जयपुर। जयपुर के जगतपुरा फाटक के पास बुधवार को सवेरे बम मिलने से सनसनी फैल गई।
एक स्कूल भवन के पास मिले इस बम से किसी तरह का कोई नुकसान नहीं हो इसके चलते पुलिस ने स्कूल भवन को खाली करा लिया। बाद में बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंची और बम को डिफ्यूज किया।
जानकारी के मुताबिक बम होने की सूचना के बाद मौके पर पहुंची प्रताप नगर पुलिस और डीसीपी ईस्ट ने घटनास्थल पर पहुंचने के बाद बम निरोधक दस्ते को मौके पर बुलाया। बम निरोधक दस्ते ने जांच की तो पाया कि एक लोहे के पाइप के दोनों ओर बारूद जैसा कोई पाउडर भरा हुआ था।

साथ ही हरे रंग की एक पोटली में कुछ छर्रे भरे हुए थे। एक टाइमर जैसी वस्तु भी वायर के सहारे छर्रे से भरी पोटली से जुड़ी हुई थी। पुलिस के अनुसार बमनुमा यह वस्तु जगतपुरा फाटक के पास स्थित 32 नंबर बस स्टैंड के नजदीक बने सरस्वती शिक्षण सेवा संस्थान के पास मिली। स्कूल भवन के नजदीक ही एक निर्माणाधीन भवन के बाहर यह बमनुमा वस्तु पड़ी थी।
देसी कट्टा और चार जिंदा कारतूस भी मिले
जिस जगह पर पुलिस को यह बमनुमा वस्तु मिली थी, उसी जगह पर एक प्लास्टिक की थैली भी पुलिस को मिली। थैली को जब खोला गया तो उसमें एक देसी कट्टा और चार जिंदा कारतूस भी पुलिस को मिले हैं। बम और ये कारतूस किसने रखे इस बारे में पुलिस जांच कर रही है। निर्माणाधीन भवन के मालिक से भी इस बारे में पूछताछ की जा रही है।

जयपुर। जयपुर के विश्व प्रसिद्ध हवामहल के साथ अपने फोटो का डाक टिकट बनवाया जा सकेगा। यहां तैयार डाक टिकट लगा कर आप अपनी चिट्ठी-पत्री अपने सम्बन्धियों का भेज सकते हैं।
डाक विभाग ने कुछ समय पहले माय स्टैम्प योजना शुरू की थी जिसमें कोई भी जीवित व्यक्ति अपनी पहचान का प्रमाण और निश्चित राशि जमा करवा अपने फोटो वाला डाक टिकट बनवा सकता है।
अब डाक विभाग ने पर्यटन स्थलों वाले डाक टिकट के साथ लोगों की फोटो लगाने का निर्णय किया है। देश में पहली बार जयपुर के हवा महल को इसके लिए चुना गया है।

किसी प्राचीन स्मारक पर अपना फोटो खिंचवाने का शौक सभी को होता है और इस शौक को भुनाने के लिए ही राजस्थान में पर्यटन और डाक विभाग मिल कर यह योजना शुरू कर रहे हैं।
काउंटर पर जाकर लोगों को अपनी फोटो देनी होगी और तीन सौ रूपए का भुगतान करना होगा। इसके बाद हवा महल की फोटो के साथ 12 टिकटों वाला डाक टिकट जारी होगा। इसमें जारी कराने वाले की फोटो भी होगी।
प्रत्येक स्टैंप की कीमत 5 रुपए होगी। यदि किसी के पास फोटोग्राफ नहीं होगा तो वहां डाक विभाग की ओर से मौजूद फोटोग्राफर से एक अच्छी फोटो भी खिंचवा सकते हैं जिसका इस्तेमाल डाक टिकट पर होगा।
केवल जीवित व्यक्तियों का ही फोटो डाक टिकट पर लगेगा। हवा महल के बाद आमेर महल,जंतर-मंतर और सिटी पैलेस में काउंटर खोले जाएंगे।