Home Breaking पीएम मोदी का पाक को संदेश, बख्शे नहीं जाएंगे आतंक के पनाहगार

पीएम मोदी का पाक को संदेश, बख्शे नहीं जाएंगे आतंक के पनाहगार

0
पीएम मोदी का पाक को संदेश, बख्शे नहीं जाएंगे आतंक के पनाहगार
PM Narendra modi addressing the crowd at Aishbagh ramlila ground in Lucknow
PM Narendra modi addressing the crowd at Aishbagh ramlila ground in Lucknow
PM Narendra modi addressing the crowd at Aishbagh ramlila ground in Lucknow

लखनऊ। पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) में सेना द्वारा की गयी सर्जिकल स्ट्राइक के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पाकिस्तान को एक बार फिर कड़ा संदेश दिया है।

विजयादशमी के अवसर पर मंगलवार को लखनऊ में मोदी ने पाकिस्तान का बगैर नाम लिए कहा कि आतंकवाद को पनाह देने वालों को अब बख्शा नहीं जाएगा।

मोदी ने कहा कि यद्यपि भारत कभी भी युद्ध की भूमि नहीं रहा। हम युद्ध से बुद्ध की ओर जाने वाले देश हैं। फिर भी कभी-कभी युद्ध जरूरी हो जाता है।

ramli

उन्होंने कहा कि रावण रूपी आतंकवाद को मारने के साथ ही, रावण के ही रूप में समाज में पनप रही बुराइयों को भी खत्म करने का संकल्प लेना होगा।

आतंकवाद पूरी मानवता का दुश्मन है और उसको पनाह देने वाले देश के खिलाफ पूरी विश्व की मानवतावादी ताकतों को एक मिलकर लड़ाई लड़नी होगी।

लखनऊ की ऐतिहासिक ऐशबाग रामलीला में रावण के पुतला दहन से पूर्व वहां उपस्थित लोगों को सम्बोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आतंकवाद को जड़ से खत्म करने की जरूरत है।

उन्होंने बड़े कड़े लहजे में कहा कि अब तो आतंकवाद के मददगारों को भी बख्शा नहीं जायेगा। उन्होंने कहा कि पूरा विश्व देख रहा है।

सीरिया में निर्दोषों की जान जा रही है। आतंकवाद से भारत पिछले 30-40 वर्षों से जूझ रहा है, लेकिन तब उसे कानून व्यवस्था से जोड़ दिया जाता था।

मोदी ने कहा कि अमरीका के वर्ल्ड ट्रेड सेंटर पर हमले के बाद आतंकवाद की समस्या पूरी दुनिया के गले उतरने लगी है।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश राम, कृष्ण व तुलसी की धरा है। यहां युद्ध में भी शांति की बात होती है। महाभारत के युद्ध में कृष्ण ने गीता का उपदेश देकर सबको कर्म की सीख दी। बुद्ध ने पूरी दुनिया में शांति का संदेश दिया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि मानवता के दुश्मनों के खिलाफ पहली लड़ाई किसी फौजी और सेना ने नही लड़ी बल्कि आतताई रावण के खिलाफ जटायू ने लड़ी।

देश के 125 करोड़ लोग यदि जटायू से सबक लेकर आतंकवाद और उनको पनाह देने वाले देश के खिलाफ खड़े हो जाएंगे तो ऐसी ताकतें खुद ब खुद परास्त हो जाएंगी।

इस दौरान प्रधानमंत्री ने कन्या भ्रूण हत्या, महिला सशक्तिकरण और स्वच्छता अभियान पर भी बड़ी बेबाकी से अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि कहा कि एक सीता मां पर अत्याचार करने वाले रावण को हम हर वर्ष जलाते हैं। लेकिन, मां के गर्भ में कितनी सीताओं को रोज मौत के घाट उतारा जा रहा है। मेरे अंदर के इस रावण को कौन मारेगा?

आज पूरी दुनिया में मनाए जा रहे विश्व बालिका दिवस को याद करते हुए मोदी ने कहा कि यह दशहरे का पर्व हमारे लिए एक और संकल्प का दिवस है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे आज के दिन बेटियों को बचाने और अपने अंदर के रावण से उन्हें मुक्ति दिलाने का संकल्प लें।

leilaram

स्वच्छता मिशन का संदेश देते हुए मोदी ने कहा कि गंदगी भी रावण का ही एक छोटा रूप है। विजयादशमी के पर्व पर हमें यह भी संकल्प लेना होगा कि गंदगी का हम सब मिलकर समूल नाश करें।

समारोह में मोदी ने कई बार जय श्रीराम के नारे लगाए और आयोजकों की ओर से उन्हें कई शस्त्र प्रदान किए गए, जिसमें धुनष-बाण, चक्र सुदर्शन और गदा भी शामिल थी। सम्बोधन के बाद मोदी ने रामलीला का मंचन भी देखा।

समारोह को केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह व भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तथा लखनऊ के महापौर डॉ दिनेश शर्मा ने भी सम्बोधित किया। इस मौके पर उप्र के राज्यपाल राम नाईक, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य, वरिष्ठ भाजपा नेता लालजी टंडन के साथ बडी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे।

इसके पूर्व वायुसेना के विशेष विमान से लखनऊ के अमौसी स्थित चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अडडे पर मोदी पहुंचे। वहां केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह, राज्यपाल राम नाईक, मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रधानमंत्री का स्वागत किया।

हवाई अड्डे पर भाजपा के कई अन्य सांसद व प्रमुख नेता भी मौजूद थे। बसपा से भाजपा में आए ब्रजेश पाठक, जुगुल किशोर व स्वामी प्रसाद मौर्य विशेष तौर पर मौजूद थे।

मोदी के लखनऊ कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए थे। पुलिस बल के अलावा दस अपर पुलिस अधीक्षक, 24 पुलिस उपाधीक्षक, 179 इंस्पेक्टर व बड़ी संख्या में पीएसी, सीआईएसएफ और आरएएफ के जवान तैनात किए गए थे।

https://www.sabguru.com/devotees-worships-lord-ravana-dashanan-temple-kanpur/

https://www.sabguru.com/pm-narendra-modi-congratulates-rss-91st-foundation-day/

https://www.sabguru.com/welcome-uri-avengers-say-posters-featuring-prime-minister-modi-lucknow/